करनाल के बुजुर्ग की कार लेकर भागी महिला गिरफ्तार:मोगा कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, लिफ्ट लेकर की थी वारदात

मोगा3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब के मोगा में लगभग 12 दिन पहले एक बुजुर्ग व्यक्ति से लिफ्ट लेने के बहाने कार लेकर फरार हुई आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने चोरी की गाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस द्वारा आरोपी महिला को गुरुवार को अदालत में पेश करने पर उसे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह था मामला
हरियाणा के करनाल निवासी 63 वर्षीय भूपेंद्र सिंह 5 मार्ग को मोगा के संतनगर निवासी अपनी भतीजी अमनदीप कौर से मिलने के लिए ऑल्टो कार से आ रहा था। जैसे ही उसकी गाड़ी लुधियाना से मोगा रोड पर चौकीमान के निकट टोल प्लाजा के पास पहुंची तो एक अज्ञात महिला ने हाथ देकर उसकी गाड़ी रोकी और लिफ्ट मांगी। गांव गगड़ा के पास भूपेंद्र गाड़ी रोककर पेशाब करने चला गया।

इतने में अज्ञात महिला उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धारा 379 के तहत केस दर्ज किया था।

गिरफ्तार आरोपी महिला रूबी।
गिरफ्तार आरोपी महिला रूबी।

15 मार्च को निहालगढ़ के नहर पुल पर की नाकाबंदी
SPD अजय राज सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि DSP धर्मकोट रविंदर सिंह व थाना कोट इसे खां के इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर समेत पुलिस पार्टी की दो अलग-अलग टीमें बनाकर कार की तलाश में लगाया गया था। 15 मार्च को पुलिस ने निहालगढ़ के नहर पुल पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान अमृतसर साइड से एक महिला कार लेकर आ रही थी। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में कार चोरी की होने का लगा पता
पूछताछ करने पर पता चला की कार चोरी की है। जिसे रूबी पत्नी जसकरण सिंह निवासी माणकपुरा थाना कच्चा पक्का तहसील पट्टी जिला तरनतारन चला रही थी। पुलिस द्वारा कार को कब्जे में लेने के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे 5 मार्च के दर्ज केस में नामजद कर लिया गया।