मोहाली में 3 दिन की बच्ची की हत्या:मां ने जिंदा दफन किया, जादू-टोने से पैदा होने के शक में गड्‌ढा खोद दबाया

मोहाली2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब के मोहाली में मां ने ही अपनी 3 दिन की बच्ची का कत्ल कर दिया। मां ने बच्ची को जिंदा ही दफना दिया। इसकी सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद गड्‌ढा खोदकर नवजात बच्ची को निकाला। जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से रेफर कर PGI चंडीगढ़ भेजा गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

शुरूआती जांच में कहा जा रहा है कि महिला डिप्रेशन की शिकार थी। उसे शक था कि यह बेटी जादू-टोने से पैदा हुई है।

शुक्रवार को दिया बेटी को जन्म
पुलिस के मुताबिक, गांव करोरा की रहने वाली अनीता रानी ने शुक्रवार को एक लड़की को जन्म दिया। इसके बाद पूरा परिवार खुश था। अनीता बच्ची के साथ घर पर थी। वहीं पति राजकुमार काम पर चला गया। आरोपी का पति पेंटर है। उसके पहले से दो लड़के हैं। उनकी उम्र करीब 14 साल और पांच साल है।

पति घर लौटा तो बच्ची नहीं मिली
पति राजकुमार के मुताबिक वह अपने काम से घर लौटा तो उसे बच्ची नजर नहीं आई। उसने पत्नी अनीता से पूछा, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे रही थी। जिस वजह से उसने पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस ने पूछताछ के बाद पता लगाया
इसके बाद पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद जाकर बच्ची को गड्‌ढे से बाहर निकाला। जिसके बाद पुलिस तुरंत उसे पहले सेक्टर 16 अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखी तो PGI भेज दिया। हालांकि, तब तक बच्ची दम तोड़ चुकी थी।

2014 में हुआ था मानसिक बीमारी का इलाज
पुलिस की जांच के मुताबिक आरोपी महिला डिप्रेशन से ग्रस्त थी। करीब 9 साल पहले 2014 में उसका सेक्टर-17 के एक निजी अस्पताल से डिप्रेशन का इलाज भी हो चुका है। हालांकि अचानक उसने इलाज बीच में ही छोड़ दिया। इसके बाद उसकी बीमारी और बढ़ती चली गई।

लड़की को जादू-टोना से पैदा हुई बताती थी मां
बच्ची के पिता ने राजकुमार ने कहा कि लड़की के पैदा होने के बाद से ही अनीता के दिमाग में कुछ असमंजस चल रहा था। वह अक्सर कहती रहती थी कि यह बच्ची उसने पैदा नहीं की। किसी जादू-टोने की वजह से यह उसकी कोख में आई। थाना नयागांव के इंचार्ज कुलवंत सिंह ने कहा कि पुलिस इस बारे में जांच कर रही है।