आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए पंजाब में बड़ी चुनावी जीत ही चुनौती बन गई है। पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीती। ऐसे कैंडिडेट भी जीतकर आ गए, जिनकी पार्टी तक को उम्मीद नहीं थी। हालांकि, पिछले ढाई महीने में पार्टी के 3 MLA विवादों में फंस गए हैं।
सबसे अहम पंजाब कैबिनेट में शामिल डॉ. विजय सिंगला का मंत्रिमंडल से बर्खास्त होना है। उन्हें गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इससे पहले जसवंत सिंह गज्जनमाजरा पर CBI रेड हुई। फिर डॉ. बलबीर सिंह को कोर्ट से 3 साल की कैद हो गई। दिलचस्प बात यह है कि इन तीनों पर ही AAP ने पार्टी लेवल पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
पढ़ें किस पर क्या आरोप...
डॉ. विजय सिंगला : मानसा से चुनाव जीते डॉ. विजय सिंगला को AAP ने पंजाब का हेल्थ मिनिस्टर बनाया। जिसके बाद वह करप्शन केस में फंस गए। वह विभाग के हर काम और टेंडर में 1% कमीशन मांगने लगे। कल ही सीएम भगवंत मान ने इसकी जांच कर उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। फिर करप्शन केस कर उन्हें OSD प्रदीप कुमार के साथ अरेस्ट कर लिया है। फिलहाल वह 3 दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।
जसवंत सिंह गज्जन माजरा : अमरगढ़ से चुनाव जीते जसवंत सिंह गज्जनमाजरा पर CBI की रेड हुई है। उन पर 40 करोड़ के बैंक लोन फ्रॉड का केस है। बैंक ने इसकी शिकायत की। लोन किसी दूसरे मकसद से लिया और उसका इस्तेमाल कहीं और किया गया। CBI ने उनके ठिकानों से ब्लैंक चेक, आधार कार्ड, फॉरेन करंसी, 16 लाख कैश समेत बैंक अकाउंट के दस्तावेज बरामद किए।
डॉ. बलबीर सिंह : पटियाला देहाती से चुनाव जीते डॉ. बलबीर सिंह को रोपड़ कोर्ट ने 3 साल कैद की सजा सुनाई। उन पर साली ने ही मारपीट का केस किया था। उनकी पत्नी और बेटे को भी कैद हुई है। उन पर झगड़े का केस 2011 का है। इसके बावजूद आप ने उन्हें टिकट दी।
प्रवक्ता बोले- दागियों के लिए जगह नहीं
आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पार्टी का कोई नेता छोटा हो या बड़ा, MLA हो या मंत्री, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हमारी सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है। दागी लोगों की पार्टी में कोई जगह नहीं है। पार्टी पूरी कार्रवाई करेगी और दागियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.