पंजाब में आम आदमी पार्टी की नई सरकार के टारगेट पर सरकारी अस्पताल आ गए हैं। भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनते ही सेहत विभाग को तुरंत कारगुजारी सुधारने को कहा गया है। राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जन और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें टेस्ट और दवा मुफ्त देने के साथ डॉक्टरों-कर्मचारियों को समय पर आने-जाने को कहा गया है। यह आदेश अस्पतालों के साथ सेहत अफसरों के दफ्तरों के लिए भी जारी किए हैं।
यूनिफॉर्म पहनें स्टाफ, डॉक्टर पहनें सफेद कोट
CM भगवंत मान की सरकार ने आदेश दिया है कि अस्पतालों में कर्मचारियों से लेकर डॉक्टर तक यूनिफॉर्म पहनें। कर्मचारियों के लिए तय यूनिफॉर्म होगी। वहीं डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को एप्रिन या लैब कोट समेत निर्धारित सफेद कोट पहनना होगा। इसके अलावा डॉक्टरों और स्टाफ को समय की पाबंदी का ध्यान रखने को कहा गया है। वहीं अस्पतालों में साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा गया है। इसके अलावा अफसरों और कर्मचारियों को गले में पहचान पत्र टांगना होगा। मरीजों और उनके परिजनों से सही ढंग से भी पेश आने को कहा गया है।
चुनाव में सेहत सुविधा रही बड़ा मुद्दा
पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सेहत सुविधा को बड़ा मुद्दा बनाया। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में भी मोहल्ला क्लीनिक बनाने का वादा किया। इसके अलावा पहले से चल रहे अस्पतालों में भी सेहत सुविधाओं को सुधारने का भरोसा दिया। इस वजह से लोगों को उम्मीद है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर पंजाब की सेहत सुविधाओं में जरूर सुधार होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.