केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचकर पंजाब भाजपा के नेताओं से मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा के नेता और वर्कर डटकर काम करें। केंद्रीय नेतृत्व पूरी तरह से उनके साथ है। उन्हें जो भी जरूरत हो, हमें बताएं। शाह ने वरिष्ठ नेताओं से बंद कमरे में भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब में भाजपा का आधार बढ़ाने का मंत्र दिया। जिसे ग्राउंड लेवल पर वर्करों तक पहुंचाने को कहा।
अकाली दल से अब कोई नाता नहीं
सूत्रों के मुताबिक अमित शाह ने सभी नेताओं को स्पष्ट कह दिया है कि पंजाब में भाजपा अब अकेले ही चुनाव लड़ेगी। अकाली दल से पार्टी का कोई नाता नहीं है। अकाली दल ने कृषि सुधार कानूनों को लेकर भाजपा से संबंध तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने कानून वापस ले लिए। हालांकि इसके बाद भाजपा फिर से अकाली दल से गठबंधन नहीं करना चाहती।
बूथ लेवल तक मजबूत करें पार्टी
शाह ने नेताओं को कहा है कि वह बूथ लेवल तक पार्टी को मजबूत करें। सिर्फ नेताओं नहीं बल्कि वर्करों के स्तर पर पंजाब में पार्टी मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यही पार्टी को पंजाब में अगली कतार में खड़ा करेगा।
भाजपा का फोकस 2024 लोकसभा चुनाव
पंजाब में भाजपा का फोकस अब 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव है। पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं। जिन पर भाजपा इस बार जीत चाहती है। खासकर, जिन सीटों पर शहरी वोटर ज्यादा है, वहां भाजपा अपना दबदबा दिखाना चाहती है ताकि पंजाब में विधानसभा चुनाव में अपना दमखम दिखा सकें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.