पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के आगे पेश नहीं हुए। उन्हें सम्मन जारी कर कोटकपूरा गोलीकांड में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। सुखबीर बादल को मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे पेश होने को कहा गया था। चंडीगढ़ आने के बजाय सुखबीर बादल जीरा कोर्ट में पेश हुए। सुखबीर बादल ने कहा कि उन्हें कोई सम्मन नहीं मिला।
इस मामले में अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस अफसर कूरियर लेकर सुखबीर बादल को सम्मन देने गए थे। किसी ने सम्मन नहीं लिया। उन्हें कहा गया कि सुखबीर बादल विदेश में हैं। इसके बाद SIT ने सुखबीर बादल के साथ रहने वाले विनीतपाल हैप्पी को भी वॉट्सऐप पर सम्मन भेजा। जिन्होंने सम्मन मिलने की बात कबूल भी की।
SIT का सवाल, गोली चलाने का ऑर्डर किसका?
कोटकपूरा गोलीकांड साल 2015 का मामला है। उस दौरान श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सिखों पर गोलियां चलाई गई थी। जिस वक्त यह फायरिंग हुई, सुखबीर बादल पंजाब के डिप्टी सीएम थे। गृह विभाग भी उनके पास था। SIT उनसे यही पूछना चाहती है कि सिखों पर गोलियां चलाने के ऑर्डर किसने दिए?। इस केस में तत्कालीन डीजीपी सुमेध सैनी से भी पूछताछ हो चुकी है।
सुखबीर दे चुके जवाब, SDM ने ऑर्डर दिए थे
इस बारे में सुखबीर बादल भी जवाब दे चुके हैं कि गोली चलाने के ऑर्डर वहां के SDM ने दिए हैं। एसडीएम ने इसके बारे में लिखित तौर पर भी दिया है। एसडीएम आज भी अपनी बात पर कायम हैं। सुखबीर ने भी सम्मन न मिलने की बात कही थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी केस में ऐसे हजारों सम्मन आते हैं, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।
AAP मंत्री बोले- सरकार के कहे बिना फायरिंग नहीं होती
पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री कुलदीप धालीवाल ने कहा कि वह भी सरकार में हैं। सरकार के कहे बिना ऐसी फायरिंग नहीं होती। उन्होंने गोलीकांड के लिए सुखबीर को जिम्मेदार ठहराया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.