पंजाब विधानसभा के बजट सेशन के दूसरे दिन भी हंगामा हुआ। जब सीएम भगवंत मान बोलने के लिए खड़े हुए तो कांग्रेस के विधायकों ने शोर शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें बोलने का पूरा मौका नहीं दिया जा रहा। जिस पर स्पीकर कुलतार संधवां ने कहा कि तय समय दिया जा चुका है।
यह सुनकर कांग्रेसी विधायकों ने वॉकआउट कर दिया। बाहर आकर विपक्षी दल नेता प्रताप बाजवा ने कहा कि सीएम भगवंत मान को कुल्लू मनाली जाना था। इसलिए सदन की कार्यवाही जल्द खत्म कर दी गई। विधानसभा का 2 बजे तक का बिजनेस होना तय था। हमें कल स्पीकर ने भरोसा भी दिलाया। इसके बावजूद आज हमें बोलने नहीं दिया गया।
कांग्रेस के वॉकआउट पर सीएम भगवंत मान ने भी तंज कसा कि कांग्रेस में सुनने की क्षमता नहीं है। इसके बाद सीएम भगवंत मान का संबोधन हुआ। जिसके बाद सदन की कार्रवाई को सोमवार तक के लिए मुल्तवी कर दिया गया है।
अवैध माइनिंग को लेकर भी बहस
पंजाब विधानसभा के बजट सेशन के दूसरे दिन अवैध माइनिंग को लेकर जमकर बवाल हुआ। आप विधायक अमन अरोड़ा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद कबूला था कि उनके पास लिस्ट है। इस पर कांग्रेसियों ने विरोध जताया। फिलहाल दूसरे दिन की कार्यवाही जारी है।
शुरूआत में खनन मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि इस वक्त मार्केट में रेत का रेट औसतन 26 से 28 रुपए और बजरी का 29 से 30 रुपए है। 16 मार्च से 22 जून 2022 तक 30 करोड़ 8 लाख आमदनी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की पॉलिसी के हिसाब से 7 ब्लॉक दिए गए थे, उसमें भी 3 बंद पड़े हैं। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ 277 केस दर्ज किए जा चुके हैं। खनन मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने साढ़े 5 रुपए फुट रेट तो कह दिया लेकिन मिला नहीं।
आप विधायक अमन अरोड़ा ने कहा कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सदन में कहा था कि उनके पास 10 पेज की लिस्ट है, जिनमें रेत की खड्ड लेने वालों के नाम हैं। मैं उनका नाम नहीं लेना चाहते। अरोड़ा ने मंत्री से पूछा कि क्या उन्हें ऐसी कोई लिस्ट मिली है। मंत्री बैंस ने कहा कि बजट के बाद वह इसके बारे में बताएंगे। इस मामले में एक पूर्व विधायक पर कार्रवाई भी की जा चुकी है।
सीएम भगवंत मान भी देंगे जवाब
पंजाब विधानसभा के बजट सेशन के दूसरे दिन CM भगवंत मान का संबोधन होगा। वह राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देंगे। इसके अलावा लॉ एंड ऑर्डर पर भी सरकार का पक्ष रखेंगे।
कल पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के हत्याकांड पर सरकार बुरी तरह घिर गई थी। विधानसभा में कांग्रेस से विपक्षी दल नेता प्रताप सिंह बाजवा और विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि मूसेवाला को थ्रैट होने के बावजूद सिक्योरिटी कम कर दी गई। इसके बाद उसे सार्वजनिक भी कर दिया गया।
27 को पेश होगा बजट
पंजाब विधानसभा का बजट सेशन 30 जून तक चलेगा। 27 जून को पंजाब की AAP सरकार अपना पहला बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री हरपाल चीमा पेपरलेस बजट पेश करेंगे। सरकार का दावा है कि इस बार लोगों की सलाह से पंजाब का बजट तैयार किया गया है।
आर्थिक हालत पर व्हाइट पेपर भी
आम आदमी पार्टी की सरकार विधानसभा में पंजाब की आर्थिक हालत पर व्हाइट पेपर भी लाएगी। जिसके जरिए विरोधियों को घेरा जाएगा। CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के खजाने को किसने लूटा, इसका खुलासा करेंगे। पंजाबियों के एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा।
यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी आएंगे
पंजाब विधानसभा में वन MLA-वन पेंशन का प्रस्ताव लाया जाएगा। मान सरकार ने पहले इसे कैबिनेट में पास किया था। हालांकि गवर्नर ने इस ऑर्डिनेंस को वापस लौटा दिया। इसके अलावा 36 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव लाया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.