भगवंत मान सरकार ने जीता विश्वास मत:अकाली-BSP विधायकों को मिलाकर प्रस्ताव के पक्ष में 93 वोट; कांग्रेस का वॉकआउट

चंडीगढ़8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने विधानसभा में सर्वसम्मति से विश्वास मत हासिल कर लिया। सोमवार को पंजाब विधानसभा में वोटिंग के बाद स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने कहा कि विश्वास मत के पक्ष में कुल 93 विधायकों ने वोट दिया। एक भी MLA ने इसका विरोध नहीं किया। ऐसे में सदन सर्वसम्मति से विश्वास मत प्रस्ताव पास करता है।

पंजाब में आम आदमी पार्टी के 92 विधायक हैं। इनमें से स्पीकर कुलतार सिंह संधवा का वोट काउंट नहीं हुआ। यानि सदन में AAP विधायकों की संख्या 91 रह गई जबकि स्पीकर ने प्रस्ताव के पक्ष में 93 वोट पड़ने की बात कही। सरकार के पक्ष में दो एक्स्ट्रा वोट कहां से आए?

जानकारों के मुताबिक अकाली दल-बसपा गठबंधन के विधायक सदन में मौजूद तो रहे मगर उन्होंने विश्वास मत के खिलाफ वोट नहीं किया इसलिए टेक्निकली उनके वोट विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में गिने गए। इसी कारण विश्वास मत के पक्ष में 91 की जगह 93 वोट काउंट हुए।

भाजपा के एमएलए सोमवार सुबह से ही सदन में नहीं आए जबकि कांग्रेस विधायकों ने वोटिंग के दौरान वाकआउट किया। विश्वास मत पर चर्चा के दौरान जालंधर से आम आदमी पार्टी के विधायक शीतल अंगुराल ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

CM भगवंत मान ने गन्ने का भाव प्रति क्विंटल 20 रुपये बढ़ाने की घोषणा की।
CM भगवंत मान ने गन्ने का भाव प्रति क्विंटल 20 रुपये बढ़ाने की घोषणा की।

2 घंटे बहस, कांग्रेस को सिर्फ 19 मिनट
विधानसभा स्पीकर ने सोमवार दोपहर में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विश्वासमत पर बहस के लिए 2 घंटे का समय तय किया। इस दौरान कांग्रेसी विधायकों को कुल 19 मिनट का समय दिया गया।

मान बोले- ऑपरेशन लोटस की सबसे ज्यादा शिकार कांग्रेस

इससे पहले CM भगवंत मान ने कहा कि गन्ना उत्पादक पैसे नहीं मिलने पर धान की तरफ जा रहे हैं। उनकी सरकार पूरी रकम दे रही है। कुछ ही पेंडिंग है। सरकार गन्ने का भाव भी 360 रुपए से बढ़ाकर 380 रुपये प्रति क्विंटल कर रही है।

मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद-ए-आजम भगत सिंह के नाम पर करने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट का नाम भी करतार सिंह सराभा के नाम पर कराने का प्रयास किया जाएगा। बेअदबी कांड, कोटकपूरा-बहबलकलां गोलीकांड और अन्य मामले कोर्ट में होने के कारण कुछ समय लग रहा है।

सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों जरूरी हैं। कांग्रेस विधायक ऑपरेशन लोटस के समर्थन में वॉकआउट करते हैं जबकि कई राज्यों में कांग्रेस खुद इससे पीड़ित है। कई राज्यों में कांग्रेस विधायक दलबदल रहे हैं।

विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में बोलते AAP विधायक शीतल अंगुराल।
विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में बोलते AAP विधायक शीतल अंगुराल।

CM ने बाजवा को बुलाया 'भाजपा'

CM मान ने सदन में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा को 'भाजपा' कहकर उनपर कटाक्ष किया। मान ने कहा कि बाजवा लोकसभा व राज्यसभा में रहे लेकिन CM नहीं बन पाए इसका अफसोस है। विपक्षी के नेता नीयत के भूखे हैं।

भगवंत मान ने कहा कि लोगों ने जिस भरोसे के साथ आम आदमी पार्टी को चुना है, सरकार उस पर खरा उतरेगी। गैंगस्टर दीपक टीनू के फरार होने के बाद बतौर गृहमंत्री उन्होंने मानसा के सीआईए इंचार्ज प्रीतपाल सिंह को डिसमिस कर दिया। सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड के 36 आरोपियों में से 28 पकड़े जा चुके हैं। 24 के खिलाफ चालान पेश कर दिया। ये गैंगस्टर विपक्ष ने पैदा किए हैं।

पंजाब में धान खरीद को लेकर सीएम ने कहा कि एक अक्टूबर से खरीद शुरू हो गई। किसानों के खातों में 24 घंटे में पेमेंट जा रही है।

बाजवा ने उठाया लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा

इससे पहले सदन में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने गैंगस्टर दीपक नीटू के फरार होने और दूसरे मामलों का उदाहरण देते हुए पंजाब में बिगड़े लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा उठाया। बाजवा ने कहा कि गुरदासपुर के धालीवाल में एक व्यक्ति थाने से एसएलआर छीनकर फरार हो गया। बाजवा ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी CM भगवंत मान और डीजीपी की बनती है।

आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्‌ढा ने कहा कि कांग्रेस कई दिनों से भाजपा के लिए ड्रामा कर रही है।
आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्‌ढा ने कहा कि कांग्रेस कई दिनों से भाजपा के लिए ड्रामा कर रही है।

अंगुराल ने लगाए भाजपा मुर्दाबाद के नारे

AAP विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि AAP ने ऑपरेशन लोटस को दिल्ली के बाद पंजाब में भी फेल कर दिया। कांग्रेस को भाजपा की बी-टीम बताते हुए अंगुराल ने कहा कि उन्हें 7 सितंबर को पहली कॉल आई। दलालों ने पंजाब सरकार को तोड़ने के लिए अमित नाम का जिक्र किया। शीतल अंगुराल ने सदन में भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

AAP MLA दिनेश चड्‌ढा ने कहा कि कई दिनों से कांग्रेस पंजाब में भाजपा के लिए ड्रामा कर रही है। कर्नाटक, एमपी और गोवा में कांग्रेसी विधायकों के भाजपा जॉइन कर ली। जिस पार्टी के विधायक सबसे ज्यादा बिके, वही आज भाजपा के साथ खड़ी है।

पंजाब की मंत्री अनमोल गगन मान ने भाजपा के हालात पर चुटकी ली।
पंजाब की मंत्री अनमोल गगन मान ने भाजपा के हालात पर चुटकी ली।

अनमोल मान ने ली भाजपा पर चुटकी

पंजाब की मंत्री अनमोल गगन मान ने BJP के विभिन्न पार्टियों के MLA खरीदने पर एक कविता के जरिये चुटकी ली, ऑपरेशन लोटस पर बवाल हो गया, कांग्रेस का बुरा हाल हो गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की आदत है कि लोगों के नकार देने पर ऑपरेशन लोटस से सरकार बनाई जाती है। जहां-जहां AAP की सरकार बनेगी, वहां बदलाव आता जाएगा।

अयाली बोले- प्रस्ताव गैरजरूरी

अकाली विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा कि जिस समय किसान विरोधी कानून लाए गए, उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ने की बात कही। राष्ट्रपति चुनाव के दौरान पंजाब के मुद्दों का हल नहीं किया गया। हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को लेकर सिखों से धक्का किया गया। अयाली ने विश्वासमत को गैरजरूरी बताया।

AAP विधायक बलजिंदर कौर ने ऑपरेशन लोटस को ड्रामा बताया।
AAP विधायक बलजिंदर कौर ने ऑपरेशन लोटस को ड्रामा बताया।

विश्वास मत पर बहस में किसने क्या कहा

  • आप नेता जसवंत सिंह गजनमाजरा ने कहा कि भगवंत मान सरकार लोकहित में काम कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा पंजाब के साथ धोखा किया है।
  • बलजिंदर कौर ने कहा कि ऑपरेशन लोटस ड्रामा बन चुका है। CM भगवंत मान चाहते हैं कि सदन में ऑपरेशन लोटस पर चर्चा हो मगर विपक्ष भाग गया है।
  • बस्सी पठाना के विधायक रूपिंदर हैप्पी ने कहा कि भाजपा चुनाव हारने पर घटिया हथकंडे अपनाती है। AAP सरकार पंजाब के 3 करोड़ लोगों की उम्मीद है।
  • प्रिंसिपल बुद्धराम ने कहा कि भाजपा ने लोगों के जनादेश ठोकर मारकर अपनी सरकार बनानी शुरू कर दी मगर भाजपा के इस कारनामे पर केजरीवाल सरकार ने फेल कर दिया।
  • अमृतपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेसियों को देखकर हैरानी होती है क्योंकि सबसे अधिक विधायक उसी के बिके हैं।
  • देव मान ने कहा कि दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं जो आम आदमी पार्टी और आम आदमी को खरीद सके।
सदन की कार्यवाही देखने पहुंची विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की मां गुरमेल कौर।
सदन की कार्यवाही देखने पहुंची विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की मां गुरमेल कौर।

स्पीकर की मां ने देखी कार्यवाही

विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की मां गुरमेल कौर सोमवार को सदन की कार्यवाही देखने पहुंची। इस पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने खुशी जताई। बाजवा ने कहा कि मां के सदन में होने से उम्मीद है कि कांग्रेसी विधायकों की बात जरूर सुनी जाएगी।

BJP विधायक सदन में नहीं पहुंचे

भाजपा के दोनों विधायक सोमवार को सेशन में शामिल नहीं हुए। भाजपा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि विश्वास मत प्रस्ताव पर बहस और वोटिंग के दौरान उसके विधायक कार्यवाही में शामिल नहीं होंगे।

पंजाब विधानसभा में सोमवार को चौथे दिन की कार्यवाही के लिए पहुंचे विधायक।
पंजाब विधानसभा में सोमवार को चौथे दिन की कार्यवाही के लिए पहुंचे विधायक।

दो बजे शुरू हुई कार्यवाही

सोमवार को सेशन के चौथे दिन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू हुई। शुरूआत में ही कांग्रेसी विधायकों ने विश्वास प्रस्ताव का विरोध किया। कुछ देर हंगामा होने के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई।

स्पीकर ने विश्वास प्रस्ताव पर बहस करने वालों की सूची मांगी। विश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित भी किया गया।

विश्वास मत पास होने के बाद सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव लाया गया। इसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।