CM ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे पर उठाए सवाल:भगवंत मान बोले- पंजाब उसमें जाली नंबर वन बना, असली हम बनाएंगे

चंडीगढ़9 महीने पहले
भगवंत मान और प्रताप सिंह बाजवा।

पंजाब CM भगवंत मान ने इशारों में नेशनल अचीवमेंट सर्वे को फर्जी बता दिया। उन्होंने कहा कि उसमें पंजाब को जाली नंबर वन बनाया गया है। इसे असली नंबर वन हम बनाएंगे। यह बात उन्होंने पंजाब विधानसभा में बजट सेशन के दौरान कही। विधानसभा में विपक्षी दल नेता कांग्रेस MLA प्रताप सिंह बाजवा ने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि पंजाब नंबर वन आया और सरकार ने बधाई तक नहीं दी।

बाजवा बोले- आपकी पॉलिसी के मुताबिक नहीं, लेकिन स्वीकार करते
बाजवा ने कहा कि केंद्र के नेशनल एजुकेशन सर्वे में पंजाब नंबर वन आया। सरकार को उसे स्वीकार करना चाहिए था। यह बात अलग है कि वह सरकार की पार्टी की पॉलिसी के मुताबिक सही नहीं। उन्होंने पूछा कि जब अपना बेटा अच्छा काम करके आता है तो बाप को गले लगाना चाहिए। इसका क्रेडिट स्कूल, स्टूडेंट, टीचर और शिक्षा विभाग को देना चाहिए।

मान बोले- इस नंबर वन में काफी कुछ छुपा हुआ
इसके जवाब में सीए भगवंत मान ने कहा कि जिसे आप नंबर वन बता रहे हो। उसमें काफी कुछ छिपा हुआ है। मैं उसके बारे में बता दूंगा। सिर्फ बाहर से रंग करके स्मार्ट स्कूल नहीं बनते। स्कूल के अंदर क्या हाल है?। किसी के बैठने की जगह है। पीने का पानी है। टीचर कहां है?। उन्होंने कहा कि यह जाली नंबर वन है। असली नंबर वन हम करके दिखाएंगे।

CM और शिक्षा मंत्री ने नहीं दी थी बधाई
नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब नंबर वन बना था। उसने दिल्ली के एजुकेशन मॉडल को पछाड़ दिया था। हालांकि इसी दिल्ली मॉडल को लागू करने का वादा कर आप सत्ता में आई। जब यह परिणाम आया तो कांग्रेस ने इसका क्रेडिट लिया। वहीं सीएम भगवंत मान और शिक्षा मंत्री मीत हेयर ने इसको लेकर कोई बधाई नहीं दी और चुप्पी साध ली।

खबरें और भी हैं...