पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी, कशिश उर्फ कुलदीप और उनके साथी केशव समेत 4 आरोपियों का 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड मिल गया है। पुलिस उन्हें तड़के 4 बजे मानसा लेकर पहुंची थी। रिमांड के बाद अब इन्हें कड़ी सुरक्षा में खरड़ लाया जाएगा। जहां मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले लॉरेंस गैंग के चीफ लॉरेंस, उसके साथी जग्गू भगवानपुरिया से पहले ही पूछताछ हो रही है।
दिल्ली पुलिस के गिरफ्तार करने के बाद यह तीनों तिहाड़ जेल में बंद थे। जहां से पहले प्रोडक्शन वारंट पर इनकी गिरफ्तारी की गई। फिर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर पुलिस पंजाब लाई। फौजी और कशिश हरियाणा के रहने वाले हैं। केशव बठिंडा का रहने वाला है।
सबसे अहम सवाल, हथियार कहां हैं?
फौजी, कशिश और कुलदीप के लिए पंजाब पुलिस का सबसे अहम सवाल हथियारों को लेकर है। मूसेवाला किलिंग में इस्तेमाल किए हथियार अभी तक नहीं मिले हैं। फौजी ने दिल्ली पुलिस के आगे दावा किया कि वह हथियार कोई अज्ञात व्यक्ति कत्ल के 2 दिन बाद ले गया था। वहीं इससे पहले हथियारों को मानसा में पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर मिट्टी में दफनाकर छुपाने के भी इनपुट मिले हैं। पुलिस इनके जरिए हथियार बरामदगी की कोशिश करेगी।
अब तक 3 शूटर गिरफ्तार, 3 फरार
मूसेवाला को कत्ल करने वाले 3 शार्प शूटर गिरफ्तार हो चुके हैं। दिल्ली पुलिस ने पहले प्रियवर्त फौजी और कशिश को गुजरात के कच्छ स्थित मुंद्रा से पकड़ा। फिर कल दिल्ली पुलिस ने ही दिल्ली के कश्मीरी गेट से साढ़े 18 साल के शूटर अंकित सेरसा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ सचिन भिवानी भी पकड़ा गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.