पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला अपने गीतों में जिन हथियारों का जिक्र करते थे, कातिलों ने उन्हीं से उनकी हत्या की। इसका खुलासा शार्पशूटर अंकित सेरसा के मोबाइल से मिले फोटो और वीडियो से हुआ है। दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि मूसेवाला की हत्या में दुनिया के बेहतरीन हथियार इस्तेमाल हुए।
इसमें ऑस्ट्रिया की ग्लोक-30, जिगाना पिस्टल, जर्मन मेड हेकलर एंड कोच, स्टार और AK 47 शामिल हैं। हत्याकांड में अभी तक मूसेवाला को गोली मारने वाले 3 शार्पशूटर प्रियवर्त फौजी, कशिश उर्फ कुलदीप और अंकित सेरसा पकड़े जा चुके हैं। पुलिस को अब दीपक मुंडी, मनु कुस्सा और जगरूप रूपा की तलाश है।
संजू गाने में AK 47 और SO HIGH में ग्लॉक का जिक्र
मूसेवाला के गीतों में हमेशा किसी ने किसी हथियार का जिक्र होता था। मूसेवाला ने खुद पर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज होने के बाद 'गबरू ते केस जेहड़ा संजे दत्त ते' गाया था। इसमें AK 47 का जिक्र किया था। इससे पहले मूसेवाला का SO HIGH टाइटल से गीत आया था। इसमें मूसेवाला ने कहा था कि वह डब में ग्लॉक भरकर रखते हैं।
महिला रिपोर्टर और लेडी कांस्टेबल के जरिए भी थी साजिश
मूसेवाला के कत्ल के लिए कातिलों को उसके करीब जाने का मौका नहीं मिल रहा था। इस वजह से घर में घुसकर मारने के लिए उन्होंने पुलिस वर्दी वाली प्लानिंग भी बनाई थी। शार्पशूटर्स से पता चला कि कातिल 2 लड़कियां ढूंढ रहे थे। इनमें एक को प्रेस रिपोर्टर और दूसरी को लेडी कांस्टेबल बनाकर अंदर भेजना था। यह दोनों रेड के बहाने घर में घुसते और फिर शार्पशूटर्स ने भी पुलिस वर्दी पहनकर अंदर घुसना था। कातिलों को ऐसी 2 लड़कियां नहीं मिली, जिस वजह से यह प्लानिंग ड्रॉप करनी पड़ी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.