पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के दो विधायकों ने BJP के ऑपरेशन लोटस से जुड़े मामले में सोमवार को मोहाली विजिलेंस दफ्तर पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। इनमें जालंधर वेस्ट के MLA शीतल अंगुराल और जालंधर सेंट्रल के MLA रमन अरोड़ा शामिल हैं। बयान दर्ज करवाकर मोहाली विजिलेंस दफ्तर से बाहर निकलने के बाद अंगुराल ने दावा किया कि इस खेल में एक केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।
दोनों MLA ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाइकोर्ट के दो वकीलों ने उनसे संपर्क किया और BJP में शामिल होने पर 25-25 करोड़ रुपए दिलाने का ऑफर दिया। अंगुराल और अरोड़ा ने उन एडवोकेट के नाम नहीं बताए जिन्होंने उनसे संपर्क किया था। अरोड़ा ने विजिलेंस अफसरों को वह नंबर दे दिया, जिससे उन्हें कॉल आई थी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्तमंत्री हरपाल चीमा और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल आरोप लगा चुके हैं कि BJP पंजाब में उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। इन नेताओं ने दावा किया था कि AAP विधायकों को भाजपा जॉइन करने के बदले में 25-25 करोड़ रुपए ऑफर दिए जा रहे हैं।
विधायकों के आरोपों के बाद पंजाब सरकार ने मामले की जांच पंजाब विजिलेंस ब्यूरो को सौंप दी। विजिलेंस ब्यूरो ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करते हुए इसकी इन्वेस्टिगेशन के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है। सोमवार को AAP के दोनों विधायकों ने इसी SIT के सामने अपने बयान दर्ज कराए
मोहाली विजिलेंस ऑफिस में बयान दर्ज कराने के बाद बाहर निकले शीतल अंगुराल ने कहा कि उनसे दो लोगों ने संपर्क किया। दोनों ने खुद को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का एडवोकेट बताया। दोनों ने खुद को BJP के संपर्क में बताया और कहा कि वह उन्हें एक केंद्रीय मंत्री से मिलवाएंगे। भाजपा में आने पर उन्हें 25 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
अंगुराल ने स्वीकार किया कि उनकी उक्त केंद्रीय मंत्री से सीधी कोई बात नहीं हुई और उनसे संपर्क करने वाले शख्स ने ही उस मंत्री का नाम लिया था।
नहीं बताए वकीलों के नाम
जब शीतल अंगुराल से पूछा गया कि उनसे संपर्क करने वाले वकीलों के नाम क्या हैं? तो उन्होंने कहा कि विजिलेंस मुख्यालय में SIT के पास सबकुछ दर्ज करवा दिया है। वह यहां उनके नाम नहीं बता सकते।
यह पूछे जाने पर कि उन्हें क्या प्रलोभन दिए गए? तो अंगुराल ने कहा कि मैं किसी पर इल्जाम नहीं लगाना चाहता लेकिन जाे लोग सुखना लेक के पास मुझसे मिलने पहुंचे, उन्होंने ही कहा था कि मेरे लिए 25 करोड़ रुपए का गिफ्ट आया है। यह गिफ्ट एक केंद्रीय मंत्री देंगे। उक्त मंत्री जल्दी ही मुझसे मुलाकात करेंगे और गिफ्ट देने के बाद BJP जॉइन कराएंगे।
अंगुराल बोले- सीधे कोई बात नहीं
यह पूछे जाने पर कि क्या उक्त केंद्रीय मंत्री की उन्हें कोई डायरेक्ट कॉल आई? अंगुराल ने कहा कि वह किसी पर झूठे इल्जाम नहीं लगाना चाहते लेकिन मंत्री के लेवल से सीधे कभी अप्रोच नहीं किया। जो लोग मिलने आए थे, उन्होंने ही मंत्री का नाम लिया।
सीसीटीवी फुटेज विजिलेंस अफसर कलेक्ट करेंगे
AAP विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि जिन दलालों ने उनसे संपर्क किया, उनकी ऑडियो उनके पास है। उन्होंने ऑडियो और बातचीत के सारे सुबूत SIT को सौंप दिए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कोई वीडियो भी है? अंगुराल ने कहा कि सुखना लेक के पास जहां उनकी मुलाकात हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। विजिलेंस टीम खुद उन कैमरों की फुटेज कलेक्ट करेगी।
अंगुराल ने कहा कि विजिलेंस अफसर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल से दलाल बने वकीलों का डाटा लेने की कोशिश कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि कहीं वकील फर्जी तो नहीं थे? उन्होंने कहा कि विजिलेंस जांच में सब सामने आ जाएगा।
अरोड़ा बोले- RSS के बड़े पदाधिकारी ने दिया ऑफर
दूसरी ओर जालंधर सेंट्रल के MLA रमन अरोड़ा ने कहा कि उनसे संपर्क करने वाले शख्स ने भाजपा के किसी नेता का नाम नहीं लिया। अरोड़ा ने किसी केंद्रीय मंत्री का नाम लिए बगैर कहा कि उन्हें RSS के एक बड़े पदाधिकारी खरीदने की कोशिश कर रहे थे।
अंगुराल बोले- AAP विधायक बिकाऊ नहीं
अंगुराल ने कहा कि ऑपरेशन लोटस के जरिये भाजपा पंजाब का माहौल खराब करना चाहती थी लेकिन AAP विधायकों ने BJP नेताओं को मुंहतोड़ जवाब दिया। AAP के विधायक बिकाऊ नहीं है जिन्हें कोई भी खरीद लेगा।
एफआईआर में किसी का नाम नहीं
आम आदमी पार्टी के 10 विधायकों ने ऑपरेशन लोटस को लेकर मोहाली के स्टेट क्राइम थाने में FIR दर्ज कराई थी। यह FIR अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई है। इसमें तक किसी को नामजद नहीं किया गया। न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।
पहले 25 विधायक शिकायतकर्ता, फिर 10 ने दी शिकायत
पंजाब सरकार ने BJP पर ऑपरेशन लोटस के तहत उसके 25 विधायकों को भाजपा में शामिल होने के बदले में 25-25 करोड़ रुपए ऑफर करने के आरोप लगाए थे। हालांकि एफआईआर में 10 विधायक ही शिकायतकर्ता बने।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.