भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार पंजाब पुलिस के AIG आशीष कपूर और उनकी पत्नी कोमल कपूर एक साथ अमेरिका-कनाडा समेत अन्य कई देशों में घूमने गए थे। पंजाब विजिलेंस की जांच में इसका खुलासा होने के संबंध में भी सवाल पूछे गए हैं। कोमल कपूर से पूछा गया कि उन दोनों ने एक के बाद एक कई देशों के टूअर लगाए, इसके लिए उनके पास टिकट, वहां ठहरने के दिनों और अन्य प्रकार के खर्च के लिए पैसों का बंदोबस्त कहां से और कैसे हुआ।
9 दिसंबर तक का मांगा समय
दरअसल, AIG आशीष कपूर की पत्नी कोमल कपूर गुरुवार को विजिलेंस के सवालों के जवाब देने मोहाली स्थित विजिलेंस ऑफिस पहुंची। लेकिन जांच टीम द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देने के बजाय कोमल कपूर ने अब दोबारा 9 दिसंबर तक का समय मांगा है। विजिलेंस टीम ने उनसे बीते वीक पूछे गए 25 सवालों के अलावा और 11-12 सवाल पूछे हैं। सभी सवालों का जवाब कोमल कपूर ने 9 दिसंबर को देने की बात कही है।
विजिलेंस ये पता करने में लगी
सूत्रों के अनुसार इससे पहले विजिलेंस जांच में पता लगा है कि कपूर का एक पिज्जा कंपनी में 33 प्रतिशत का शेयर है। इसके अलावा तीन अन्य कंपनियों में कपूर के रिश्तेदार डायरेक्टर हैं। विजिलेंस द्वारा आगामी जांच के दौरान इन कंपनियों के डायरेक्टरों और अन्य शेयर धारकों से भी पूछताछ की जा सकती है। कपूर द्वारा कुछ समय पहले ही इन कंपनियों में इन्वेस्टमेंट किए जाने की बात सामने आई है।
कोमल कपूर को सप्ताह में दूसरा बुलावा
विजिलेंस ने बीते सप्ताह भी कोमल कपूर काे पूछताछ के लिए बुलाया था। उसी दौरान जांच टीम ने उन्हें सभी 25 सवाल एक सादे कागज पर लिखकर दिए और उनके जवाब देने के लिए 1 दिसंबर तक का समय दिया था। वह आज मोहाली के विजिलेंस ऑफिस तो पहुंची लेकिन जवाब देने के लिए दोबारा 9 दिसंबर तक का समय मांगा है।
महिला ने दुष्कर्म के भी लगाए हैं आरोप
गौरतलब है कि एक महिला द्वारा AIG आशीष कपूर पर दुष्कर्म और वसूली के आरोप भी लगाए गए हैं। महिला एक मामले में जेल में बंद थी, उसी दौरान आशीष कपूर पर उसकी मदद के एवज में उससे दुष्कर्म और वसूली के आरोप लगाए गए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.