• Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Pathankot
  • Rahul Gandhi Yatra Punjab LIVE Update; Amarinder Singh Raja Warring Partap Bajwa Charanjit Channi | Congress Bharat Jodo Yatra Punjab| Rahul Gandhi Pathankot Rally

भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में पूरी:पठानकोट से कठुआ पहुंचे राहुल गांधी; अब कश्मीर में होगी यात्रा, यहीं समापन होगा

पठानकोट4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
पंजाब से जम्मू कश्मीर जाती राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा। - Dainik Bhaskar
पंजाब से जम्मू कश्मीर जाती राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब से जम्मू कश्मीर पहुंच गई है। गुरूवार को उन्होंने पठानकोट में जनसभा की। जिसके बाद फिरोजपुर कलां से लखनपुर के रास्ते वह कठुआ में एंटर हुए। अब कल जम्मू कश्मीर में पैदल यात्रा होगी। पंजाब- जम्मू कश्मीर बॉर्डर पर फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी हुई। यहां राहुल गांधी ने बताया कि उनकी यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई।

जम्मू-कश्मीर में यह यात्रा राख जफर तक जाएगी। भारत जोड़ो यात्रा का जम्मू-कश्मीर आखिरी पड़ाव है और 30 जनवरी महात्मा गांधी पुण्यतिथि पर समाप्त होगी।

जम्मू कश्मीर के कठुआ में फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी के दौरान मौजूद राहुल गांधी।
जम्मू कश्मीर के कठुआ में फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी के दौरान मौजूद राहुल गांधी।

पठानकोट में बोले- डर का माहौल बना नफरत फैलाई जा रही
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में अपनी यात्रा के आखिरी दिन पठानकोट में जनसभा की। जिसमें राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के CM अशोक गहलोत भी पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि 3 काले कानून से जो किसानों के साथ हुआ, वही अग्निवीर योजना से जवानों के साथ किया है।

भाजपा की कोशिश है कि लोगों को डराकर उनकी तपस्या का फल 2-3 अरबपतियों को दिया जाए। डर का माहौल बनाकर नफरत फैलाई जा रही है। मीडिया में हर वक्त नरेंद्र मोदी का चेहरा दिखता है। गलत GST, नोटबंदी, किसान को खाद की समस्या मीडिया में नहीं दिखती। आपकी जेब काटी जा रही है। इस मुद्दों पर ध्यान न जाए, इसलिए यह सब नहीं दिखाया जाता।

पंजाब को दिल्ली से नहीं चलाया जाना चाहिए
राहुल गांधी ने कहा कि मैंने भगवंत मान को कहा कि पंजाब को रिमोट कंट्रोल से न चलने दीजिए। मैं पंजाब के CM को कहना चाहता हूं कि आप मेरे साथ लोकसभा में बैठे थे। आप में और अरविंद केजरीवाल में बहुत फर्क है। पंजाब को दिल्ली से नहीं चलाया जाना चाहिए।

मंच पर मौजूद राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेता।
मंच पर मौजूद राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेता।

आम आदमी पार्टी को हराएंगे
राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में हम आम आदमी पार्टी से लड़ेंगे और उसे हराएंगे। अगर कोई किसान कहे कि रिमोट कंट्रोल सरकार है। मैं पूछूं कौन तो वह कहे राघव चड्‌ढा... RC तो यह ठीक बात नहीं है। आपका पैसा गुजरात में इस्तेमाल हो। पंजाब के पैसे से गुजरात में विज्ञापन दिए जाएं, यह गलत है। मैं फिर कहता हूं कि भगवंत मान मुझे अच्छे लगते हैं, मगर पंजाब को पंजाब से चलाना चाहिए।

खड़गे बोले- BJP ने कांग्रेस की 6 राज्यों की सरकार चोरी की
रैली में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र समेत 6 सरकारें चोरी की। मैं इन्हें चोर कहूं या क्या कहूं। किसी को पैसे, लालच या इनकम टैक्स समेत हर चीज का डर दिखाकर बहुमत बनाते हैं। आगे भी यही कुछ करने वाले हैं।

राहुल गांधी की यात्रा से भाजपा घबरा गई है। उन्हें देश की भलाई का कोई काम नहीं करना, उनका ध्यान सिर्फ चुनाव जीतने पर है। वह कभी लोगों की समस्या सुलझाने के लिए काम नहीं करते। जहां भी जाएंगे, चुनाव की बात करेंगे। जनता के सवालों को लेकर जब हम संसद में खड़े होते हैं तो वे चर्चा के लिए तैयार नहीं होते। बहाना बनाकर सदन को स्थगित कर देते हैं। बाद में कहते हैं कि हम तैयार थे लेकिन कांग्रेस दिक्कतें पैदा करती है।

मंच पर बैठे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे।
मंच पर बैठे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे।

CM गहलोत बोले- राहुल जननायक
राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा कि पूरे देश की नजर इस यात्रा पर है। देश में महंगाई, बेरोजगारी और प्यार-भाईचारा सुनिश्चित होना बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जननायक बन गए हैं। राजस्थान में भी यात्रा को भारी समर्थन मिला।

देश के सामने चुनौती बहुत बड़ी है। लोकतंत्र खतरे में है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। हम सब इसे रोकने में कामयाब होंगे।

जनसभा को संबोधित करते राजस्थान के CM अशोक गहलोत।
जनसभा को संबोधित करते राजस्थान के CM अशोक गहलोत।

चन्नी बोले- राहुल गांधी क्रांतिकारी लीडर
पंजाब के पूर्व CM चरणजीत चन्नी ने कहा कि राहुल गांधी क्रांतिकारी लीडर हैं। वह प्यार बांटते हैं। तपस्वी हैं। वह संत का रूप हैं। कांग्रेस के पंजाब प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने यात्रा को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने सांसद चौधरी संतोख सिंह के निधन का भी जिक्र किया।

रैली में बोलते पूर्व CM चरणजीत चन्नी।
रैली में बोलते पूर्व CM चरणजीत चन्नी।

कांग्रेस सोच वाले नेताओं को आगे लाएं : बाजवा
पंजाब में विपक्षी दल नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश की एकता-अखंडता को बहाल रखने के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने राहुल गांधी से मांग की कि पार्टी में कांग्रेस की सोच वाले लोगों को लेकर आएं। अगर पहले ऐसा होता तो पंजाब में कांग्रेस की यह हालत नहीं होती। उन्होंने कहा कि पैराशूटर कांग्रेस का भला नहीं करेंगे, इन्होंने पहले ही कांग्रेस का काफी नुकसान किया है।

राहुल गांधी की जनसभा में मौजूद भीड़।
राहुल गांधी की जनसभा में मौजूद भीड़।

पंजाब में यात्रा के दौरान खोया सांसद
पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा 11 जनवरी को दाखिल हुई थी, लेकिन पंजाब में दाखिल होने से एक दिन पहले 10 नवंबर राहुल गांधी अचानक गोल्डन टेंपल आ गए। 13 जनवरी को यात्रा लोहड़ी के चलते रद की गई।

14 जनवरी को यात्रा के दौरान जालंधर के सांसद संतोख चौधरी का निधन हो गया। जिसके बाद यात्रा को 24 घंटे के लिए रद कर दिया गया।

सांसद संतोख राहुल गांधी के साथ पैदल चल रहे थे, जहां उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
सांसद संतोख राहुल गांधी के साथ पैदल चल रहे थे, जहां उन्हें हार्ट अटैक आ गया।

होशियारपुर में 2 बार हुई सुरक्षा चूक
होशियारपुर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 2 बार राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक हुई। यह घटनाएं सिर्फ 35 मिनट के भीतर हुई। पहले एक युवक जबरन राहुल गांधी के गले लग गया। दूसरे में केसरी कपड़ा सिर पर बांधा युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर राहुल गांधी के करीब जा पहुंचा। हालांकि दोनों को समय रहते पकड़ लिया गया।

देखिए ... सुरक्षा चूक की 2 तस्वीरें

हिमाचल में स्टूडेंट्स के लिए राहुल ने सुरक्षा घेरा तोड़ा, सिक्योरिटी ने रोका
कांगड़ा में पैदल यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने स्टूडेंट्स का उत्साह देख सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। यह वाक्या उस वक्त हुआ, जब लंच ब्रेक के बाद इंदौरिया गांव से रवाना होते वक्त रास्ते में वह क्षत्रिय कॉलेज के पास पहुंचे। वहां स्टूडेंट्स उनसे मिलने के लिए सुरक्षा घेरे में घुस आए।

यह देख राहुल गांधी भी सिक्योरिटी लेयर को तोड़ आगे बढ़ गए। स्टूडेंट्स ने उनसे कॉलेज के अंदर आने का अनुरोध किया। स्टूडेंट्स की बात सुन राहुल भी अपनी सिक्योरिटी लेयर से बाहर आए गए, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वह अपनी सिक्योरिटी के साथ आगे बढ़ गए।

आज जम्मू में प्रवेश करेगी यात्रा
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर आज जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेंगे। यहां लखनपुर में फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, सीपीएम नेता यूसुफ तारिगामी और शिवसेना नेता संजय राउत उनका स्वागत करेंगे।

श्रीनगर में 30 जनवरी को एक विशाल रैली के साथ यात्रा का समापन होगा। यात्रा जम्मू के लखनपुर से होते हुए कठुआ, हीरानगर, बनिहाल टनल होते हुए कश्मीर घाटी तक जाएगी।

गाड़ी में रहे राहुल गांधी
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का श्रीनगर में समापन होगा, लेकिन देश की सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में दाखिल होने से पहले अलर्ट जारी किया है। घाटी में राहुल गांधी की यात्रा ने एजेंसियों को चिंता में डाल रखा है। उनकी सुरक्षा में कश्मीर पुलिस के अलावा CRPF को भी नियुक्त किया गया है।

अलर्ट के बाद राहुल गांधी को जम्मू-कश्मीर में अधिकतर समय पैदल ना चलते हुए कार में जाने के लिए कहा है। इसके साथ ही राहुल गांधी की सुरक्षा को और कड़ा किया गया है।