पंजाब के पटियाला शहर के ऐतिहासिक श्री दुख निवारण साहिब गुरुद्वारा के एक क्वार्टर में बीती रात सो रही एक महिला और उसके बेटे पर तेजधार हथयार से वार किए गए। दोनों ने साथ वाले क्वार्टर में भाग कर जान बचाने का प्रयास भी किया, हमलावर वहां भी पहुंच गया। दोनों को रात को ही अस्पताल में दाखिल कराया गया। उपचार के दौरान महिला सतिंदर कौर (47) की मौत हो गई। बेटे मनप्रीत सिंह की हालत अभी गंभीर है। वारदात को लेकर पुलिस छानबीन में लगी है।
जानकारी के अनुसार पटियाला के श्री दुख निवारण साहिब गुरुद्वारा के पीछे सेवादारों के लिए क्वार्टर बनाए गए हैं। उन्हीं में से एक 70 नंबर क्वार्टर में महिला सतिंदर कौर (47) अपने बेटे मनप्रीत सिंह (23) के साथ रहती थी। रात को एक व्यक्ति क्वार्टर में घुस गया और दोनों पर तेजधार हथियार से वार किए। दोनों घायलावस्था में पड़ोस के क्वार्टरों में भी छिपे, लेकिन हमलावर ने वहां भी उन पर वार किए। शोर शराबा सुनकर क्वार्टरों में रहने वाले परिवार बाहर निकल आए तो हमलावर फरार हो गया।
बेटा पीजीआई रेफर
सतिंदर कौर व मनप्रीत को रात को ही आस पड़ोस के लोगों ने अस्पताल में दाखिल कराया। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मनप्रीत को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है। वारदात की सूचना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
महिला से हो गई थी अनबन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर महिला का जानकार था। वह उसके क्वार्टर पर आता जाता रहा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों ने महिला और उस व्यक्ति में अनबन चल रही थी। इसी के चलते उसने महिला और उसके बेटे को तेजधार हथियार से काटा है। फिलहाल पुलिस की तरफ से वारदात के कारण या महिला की नाराजगी आदि पर कोई भी टिप्पणी नहीं की गई।
डीएसपी ने किया मुआयना
वारदात की सूचना के बाद पटियाला टू डीएसपी मोहित अग्रवाल ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पत्रकारों को कहा कि रात वारदात की जानकारी मिली थी। थाना अनाज मंडी से पुलिस टीम यहां पर पहुंच गई थी और सुबूत जुटाने शुरू कर दिए गए थे। प्राथमिक जांच में यही पता चला है कि किसी अनजान व्यक्ति की तरफ से देर रात इन पर हमला किया गया, जिसमें सतिदर कौर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.