दिनदहाड़े भतीजे के सिर में गोली मारी:बाइक पर मां के साथ लौट रहा था खेत से, पूर्व पार्षद चाचा ने पहले कार से टक्कर मारी थी

किशनगढ़ (अजमेर)13 दिन पहले
  • कॉपी लिंक
मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे किशनगढ़ (अजमेर) के गांधीनगर इलाके में ट्रांसपोर्टर अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी मां शांति देवी के साथ खेत से घर लौट रहा था।

अजमेर के किशनगढ़ में पूर्व पार्षद ने अपने भतीजे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। भतीजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। मामला किशनगढ़ के गांधीनगर थाना इलाके का है।

गांधीनगर थाना एसएचओ शंभू सिंह शेखावत ने बताया कि पूर्व पार्षद सुरेश यादव(45) का बजरंग कॉलोनी निवासी उसके भतीजे अशोक यादव (33) पुत्र गोपाल यादव के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। अशोक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गांधीनगर थाना इलाके में सरदार सिंह की ढाणी जाने वाले रोड पर अशोक अपनी मां शांति देवी के साथ खेत से घर लौट रहा था।

फायरिंग में अशोक यादव की मौत हो गई। (फाइल फोटो) दूसरी तस्वीर में सरदार सिंह की ढाणी में गोली लगने के बाद खून से लथपथ अशोक।
फायरिंग में अशोक यादव की मौत हो गई। (फाइल फोटो) दूसरी तस्वीर में सरदार सिंह की ढाणी में गोली लगने के बाद खून से लथपथ अशोक।

इस दौरान पूर्व पार्षद सुरेश यादव (चाचा) पुत्र छोटू लाल यादव ने कार से अशोक की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अशोक व उसकी मां शांति सड़क पर गिर गए। अशोक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही सुरेश यादव ने पिस्तौल निकाल कर उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां बरसा दीं।

सिर में गोली लगने से अशोक की वहीं मौत हो गई। घटना के बाद सुरेश यादव मकराना रोड की तरफ भाग निकला। लहूलुहान अशोक की मां ने रास्ते से गुजरते लोगों को आवाज लगाई। इस दौरान सूचना मिलते ही उसका छोटा बेटा राजेंद्र यादव मौके पर पहुंच गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस थाना अधिकारी शंभू सिंह शेखावत फोर्स के साथ पहुंचे।

पुलिस और अपने साथियों की मदद से राजेंद्र ने अशोक को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और एफएसएल की टीमों ने शाम को मौके से सबूत जुटाए। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और एफएसएल की टीमों ने शाम को मौके से सबूत जुटाए। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

इसके बाद मदनगंज थाने से एसएचओ नेमीचंद चौधरी भी फोर्स के साथ राजकीय अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसे देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बंदोबस्त किया।

बाद में अशोक (मृतक) के भाई राजेंद्र यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार कर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अशोक यादव की हत्या के बाद इलाके में तनाव है।

जमीनी विवाद को माना जा रहा हत्या का कारण

हत्या को लेकर पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है। अशोक यादव के परिवार वालों से मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक व उसके चाचा सुरेश यादव में जमीन को लेकर बीते कुछ सालों से विवाद चल रहा था।

पूर्व में कई बार झगड़ा हो चुका था। एसएचओ शंभूसिंह शेखावत ने बताया कि चाचा को डिटेन कर पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस उप अधीक्षक शहर मनीष शर्मा ने बताया कि इस वारदात में तीन राउंड फायर हुए हैं, जिसमें चाचा ने जमीन विवाद को लेकर अपने भतीजे को मौत के घाट उतारा है। 5 साल पहले दोनों के बीच बंटवारा हो गया था, लेकिन उस बंटवारे को लेकर संतुष्ट नहीं था। जानकारी के अनुसार अशोक के तीन बच्चे हैं। जिनमें दो बेटी परी(10), पलक(8) और बेटा लोकेश(6) है।

यह भी पढ़ें

हिस्ट्रीशीटर का सिर मुंडवाकर बाजार में निकाला जुलूस, VIDEO:हाथों में बेड़ियां डालकर कराई 5 KM की परेड; बोला- माफ कर दो

अलवर जिले के भिवाड़ी शहर में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर का सिर मुंडवाकर, हाथों में बेड़ियां डालकर, अंडरवियर और बनियान में, नंगे पैर बाजार में 5 किलोमीटर की परेड निकाल दी। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा। बोला- गलती हो गई, मुझे माफ कर दो।

मंगलवार सुबह 11 बजे भिवाड़ी के हिस्ट्रीशीटर विनोद कारिया को पुलिस बाइपास इलाके से लेकर निकली। भिवाड़ी मोड़ होते हुए जुलूस फूल बाग थाने तक पहुंचा। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर अंडरवियर और बनियान में था। पुलिस ने उसे करीब 5 किलोमीटर पैदल चलाया। (पूरी खबर पढ़ें)