अजमेर के आशा गंज क्षेत्र में मयाणी अस्पताल के पास बने एक मन्दिर के बाहर चबूतरे पर रविवार सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर खून फैला हुआ था और पत्थर वहीं पड़ा था। जानकारी मिलते ही भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
महिला महाराष्ट्र की रहने वाली एक खानाबदोश बताई जा रही है। 50 साल की इस महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई, फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने FSL टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के CCTV फुटेज भी तलाशे जा रहे हैं। महिला दो माह से यहीं आसपास ही रह रही थी। वारदात के कारणों का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
लूट या अवांछित हकरत के विरोध पर हुई हत्या!
महिला खानाबदोश थी और महाराष्ट्र की रहने वाली थी। ऐसे में वह यहां मंदिर व आसपास के क्षेत्र में मांग कर अपना जीवनयापन करती थी। हो सकता है उसके पास कुछ रुपए हों और किसी ने यह लूटने के लिए उसकी हत्या कर दी। ये भी हो सकता है कि महिला के साथ अंवांछित हरकत करने का प्रयास किया हो और विरोध किया तो आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। हालाकिं पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची और कुछ संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
रात दो बजे बाद हुई हत्या
पुलिस की प्रारम्भिक पड़ताल में पता चला है कि रात दो बजे के करीब क्षेत्र में की गई गश्त के दौरान ऐसा कुछ नहीं था और सुबह करीब सात बजे पुलिस को इस वारदात की सूचना मिली। ऐसे में माना जा रहा है कि वारदात रात दो बजे बाद हुई। सूचना मिलने के बाद क्लॉक टावर थाना पुलिस के साथ पुलिस उप अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम प्रजापत भी मौके पर पहुंचे।
जांच जारी, शिनाख्त नहीं
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम प्रजापत ने बताया कि रात करीब दो बजे बाद एक पचास वर्षीय खानाबदोश महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच कर रही है और जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.