पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुष्कर आगमन पर कर हमला किया। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस और प्रदेश में उसकी सरकार भी भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्श-ए-कदम पर चलने का नाटक कर रही है। जिस प्रकार अयोध्या में दीपावली पर 15 लाख दीप जलाए गए थे, अब उसी तर्ज पर एक नवंबर को पुष्कर मेले के शुभारंभ मौके पर मुख्यमंत्री गहलोत की मौजूदगी में सवा लाख दीपदान किए जाएंगे।
अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने पुष्कर मेले में सवा लाख दीप जलाए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस भाजपा पर कांग्रेस के लोग और मुख्यमंत्री गहलोत हिंदुत्ववादी होने का आरोप लगाया करते हैं, वही कांग्रेस और उनके नेता जनता को भ्रमित करने का नाटक कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के किसी भी धार्मिक पर्व, त्यौहार और उत्सव पर दीप जलाना प्रकाशमान का प्रतीक है। लेकिन कांग्रेस और उसके नेता इसका दुष्प्रचार करते रहे हैं। देवनानी ने कहा कि दीपावली पर जब अयोध्या में मोदी की मौजूदगी पर 15 लाख दीप प्रज्जवलित कर पूरी अयोध्या को दीपकों से जगमगा दिया गया था। इतने अधिक दीप जलाकर हमने विश्व रेकाॅर्ड बनाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा को आत्मसात करते हुए अब पुष्कर मेले के शुभारंभ मौके पर पुष्कर राज सरोवर की सवा लाख दीपकों से महा आरती किए जाने का कार्यक्रम बनाया गया है, जिसमें गहलोत भी शिरकत करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को पवित्र सरोवर में गंदे पानी की आवक बंद करने, इसकी सफाई कराने और बरसाती पानी की आवक के रास्ते पर अवरोधकों को हटाने की तरफ भी ध्यान देना चाहिए। देवनानी ने गहलोत सहित कांग्रेस और उसके नेताओं को सीख दी है कि वे भाजपा विरोधी राग अलापना बंद करें, क्योंकि इस देश में केवल वे ही सुशासन व स्वच्छ प्रशासन देने की काबिलियत रखती है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस हिंदुत्ववादी होने का चाहे कितना ही ढिंढोरा पीटे, लेकिन उसका असली चेहरा पहले ही जनता के सामने आ चुका है और जनता उसके किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है।
2 राज्यों में कांग्रेस का होगा सफाया
देवनानी ने कहा कि इस साल गुजरात और हिमाचल प्रदेश तथा अगले साल होने वाले राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस अब खुद को हिंदुत्ववादी जाहिर करने का प्रयास कर रही है, किंतु जनता सब समझ चुकी है। इसलिए कांग्रेस की कोई भी चाल अब कामयाब होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अगले चुनावों में कांग्रेस का दो राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ से भी सफाया हो जाएगा। इसके साथ ही पूरा भारत कांग्रेस मुक्त हो जाएगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.