जैन समाज के झारखंड में स्थित तीर्थ क्षेत्र सम्मेद शिखर को बचाने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसे लेकर अजमेर में सकल जैन समाज ने शुक्रवार को महारैली निकाली। रैली में जैन समाज की ओर से ड्रेस कोर्ड भी रखा गया। जिसमें महिलाओं द्वारा केसरिया साड़ी व पुरुष सफेद कुर्ता पजामा पहन कर हाथों में तख्तियां लेकर विरोध करते हुए दिखाई दिए। कुछ देर बाद रैली कलेक्ट्रेट पहुंची और कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय पर्यटन मंत्री व झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर तीर्थ स्थल को पर्यटन केंद्र नहीं बनाने की मांग रखी गई। वहीं, रैली के दौरान समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों को भी बंद रखा।
दिगंबर जैन महासंघ अजमेर के अध्यक्ष प्रमोदचंद सोनी ने बताया कि झारखंड में स्थित सम्मेद शिखर के तीर्थ स्थल को केंद्र सरकार व झारखंड सरकार ने पर्यटन स्थल घोषित करने की अधिसूचना जारी की है। इसे लेकर प्रदेश भर के जैन समाज में आक्रोश है। शुक्रवार को अजमेर में इस आक्रोश को व्यक्त करते हुए सकल जैन समाज द्वारा महारैली निकाली गई। रैली की शुरुआत छोटे धड़े की नसिया से हुई जो कि विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पर पहुंची। कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर समाज के लोगों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर अंशदीप को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व केंद्रीय पर्यटन मंत्री सहित झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए समाज के लोगों ने तीर्थ स्थल को पर्यटन केंद्र नहीं बनाने की मांग की है। इस रैली में जैन समाज के पदाधिकारियों के साथ ही नगर निगम के डिप्टी मेयर नीरज जैन व कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय जैन भी शामिल हुए।
ड्रेस कोड के साथ तख्तियां लेकर किया विरोध
जैन समाज की ओर से इस महारैली में ड्रेस कोड रखा गया। जिसमें महिलाओं द्वारा केसरिया साड़ी व पुरुष द्वारा सफेद कुर्ता पजामा पहन कर हाथों में तीर्थ रक्षार्थ स्लोगन की तख्तियां लेकर विरोध जाहिर किया। रैली में हजारों की संख्या में महिलाएं व पुरुष शामिल हुए।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.