ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने की आज लास्ट डेट:एडिशन डायरेक्टर व सीनियर साइंटिस्ट अफसर एग्जाम की मॉडल ANSWER-KEY वेबसाइट पर जारी

अजमेर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
RPSC - Dainik Bhaskar
RPSC

राजस्थान लोक सेवा आयोग ( RPSC ) द्वारा गृह (ग्रुप-1) विभाग संवीक्षा परीक्षा-2021 के तहत सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पदों के विभिन्न विषयों की आंसर-की पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की आज लास्ट डेट है। आयोग द्वारा 10 जून 2022 को सहायक निदेशक तथा 11 जून से 12 जून 2022 तक वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी के पदों के लिए परीक्षाओं का आयोजन किया था।

आयोग के उपसचिव सुनील रांका के अनुसार, परीक्षा के तहत डीएनए डिवीजन, साइबर फोरेंसिक डिवीजन एवं पॉलीग्राफ डिवीजन विषयों की मॉडल आंसरकी वेबसाइट पर अपलोड कर दी। यदि किसी भी अभ्यर्थी को इन मॉडल आंसर-की पर कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ 14 से 16 सितंबर 2022 को रात्रि 12 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है।

मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही करनी होंगी प्रविष्टियां

आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करनी होंगी। इस परीक्षा के मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आपत्ति प्रामाणिक (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट करें। वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। उक्त परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त यदि कोई अन्य व्यक्ति आपत्ति दर्ज करवाते हैं, तो उन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

आपत्ति दर्ज कराने की शुल्क व प्रक्रिया

आयोग द्वारा प्रत्येक प्रश्न के लिए आपत्ति शुल्क एक सौ रुपए (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर उक्त परीक्षा के लिए उपलब्ध लिंक (क्वेश्चन ऑब्जेक्शन) पर क्लिक कर प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्रति प्रश्न आपत्ति शुल्क एक सौ रुपए (सेवा शुल्क अतिरिक्त) के हिसाब से कुल आपत्ति शुल्क ई-मित्र कियोस्क अथवा पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे से भुगतान कर आपत्तियों को स्थाई रूप से दर्ज कराया जा सकेगा। शुल्क के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं की जावेंगी। आयोग द्वारा शुल्क वापस लौटाने का प्रावधान नहीं है।

आपत्तियां केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी

ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक 16 सितंबर 2022 तक ही उपलब्ध रहेगा। निर्धारित समयावधि के बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। आपत्तियाँ केवल एक बार ही ली जाएंगी। इस संबंध में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ई-मेल से अथवा फोन नम्बर 9352323625 व 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं।