इंटरकास्ट मैरिज के 26 दिन बाद ही नव विवाहिता को पति ने मार डाला। वह पति के आगे गिड़गिड़ाती रही। कहती रही- माफ कर दो, अब ऐसा नहीं करूंगी। फिर भी पति का दिल नहीं पसीजा और उसने गला रेत दिया। पति की कपड़े की दुकान है। उसने लाश को बोरे में भरा और स्कूटी से ही ठिकाने लगा आया। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। उधर, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अजमेर का है।
पड़ोसियों ने बॉडी ले जाते देखा
क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र के द्वारका नगर गली नंबर-4 में रहने वाले मुकेश केशवानी (34) की नया बाजार में कपड़े की दुकान है। 26 दिन पहले ही मुकेश की शादी भगवान गंज स्थित यूआईटी कॉलोनी की रहने वाली जेनिफर (32) से हुई थी। दोनों अलग-अलग जाति के हैं। अरेंज मैरिज हुई थी। पड़ोसियों ने बताया- बुधवार सुबह करीब 11 बजे पति-पत्नी के बीच लड़ाई हो रही थी। जेनिफर कह रही थी कि माफ करो, अब ऐसा नहीं करूंगी। फिर आवाज आनी बंद हो गई। कुछ समय बाद मुकेश घर से बाहर निकल गया। फिर घर आया और एक बोरा लेकर बाहर निकला। बोरा स्कूटी पर रखते समय गिर गया। इस बीच पड़ोसी ने बोरे में जेनिफर की बॉडी देख ली। फौरन पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस को देख भागने लगा
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर खोला तो खून के निशान मिले। इस दौरान मुकेश भी घर पहुंचा। पुलिस को देख भागने लगा। उसे कलेक्ट्रेट के पास से पकड़ा गया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस पूछताछ में पति ने बताया- उसने पत्नी का मर्डर कर दिया है। उसकी बॉडी को पुष्कर में फेंक दिया है। शव बरामद कर लिया गया है।
इंटरकास्ट हुई थी मैरिज
घटना द्वारका नगर गली नंबर 4 की है। दोनों ने 26 दिन पहले ही इंटरकास्ट शादी की थी। सारे पड़ोसी भी शादी में शामिल हुए थे। दोनों पति-पत्नी घर से बाहर नहीं निकलते थे। किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। पड़ोसियों के अनुसार, पति को स्कूटी पर बोरा ले जाते समय रोका तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। तेज रफ्तार में चला गया।
पुलिस ने देखा घटनास्थल
क्रिश्चियन गंज थाने के एएसआई मुन्नीराम गोयल, एसआई कुंभाराम द्वारका नगर गली नंबर 4 पहुंचे। उन्होंने मौके पर जानकारी जुटाई। पुलिस जांच में सामने आया कि मुकेश ने तीन साल पहले ये घर खरीदा था। घर बंद ही रहता था। शादी के बाद मुकेश और जेनिफर इस घर में रह रहे थे। मुकेश की मां एक-दो बार घर पर मिलने आई थी।
आए दिन होता था झगड़ा
जेनिफर के भाई भगवान गंज निवासी रोनीदास (19) ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, शादी के बाद से ही जेनिफर को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। दोनों की शादी परिवार की मर्जी से हुई थी। मुकेश व जेनिफर के बीच आए दिन झगड़ा होता था। अजमेर उत्तर सीओ छवि शर्मा ने बताया कि आरोपी पति से पूछताछ के बाद बॉडी बरामद कर ली गई है। गुरुवार को उसका पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड से होगा। दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है।
मारपीट भी करता था
रोनीदास ने बताया कि शादी के पांच-सात दिन बाद जेनिफर हमारे घर वापस आई थी। उसने हमें बताया कि मुकेश बोलता है तेरे घरवालों ने मुझे कुछ नहीं दिया। शादी में चार-पांच लाख खर्च हो गए। तू घर वालों से कुछ पैसे लेकर आना। तब मेरी मां ने बहन को समझा दिया था। करीब चार-पांच दिन पहले बहन ने फोन कर फिर कहा कि मुकेश ज्यादा परेशान करने लगा है। वो कहता है तेरे घरवालों ने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं दिया। मैंने शादी में पैसे खर्च किए तो तू घरवालों से पैसे और गहने लेकर आ। बहन ने बताया था कि मारपीट भी करता था।
घर पर ताला लगा था
बुधवार सुबह बहन को फोन किया था। फोन लग नहीं रहा था। मैंने बहन को कई बार फोन किया, जो एक घंटी जाने के बाद कट जाता था। मुकेश को फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था। तब मैं गाड़ी लेकर बहन के घर द्वारका नगर आया था। ताला लगा हुआ था। पड़ोसियों ने बताया कि मुकेश कुछ देर पहले कुछ कट्टे में डालकर ले गया है। मुझे शक है कि दहेज के लिए मुकेश ने मेरी बहन को मार डाला। जेनिफर की मां बर पावर हाउस में नौकरी करती हैं। पति की मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे से उनकी नौकरी हुई है।
ये भी पढ़ें
दूसरे धर्म में शादी करने पर युवती को गोली मारी:जयपुर की घटना; पति लतीफ का अपने बड़े भाई पर आरोप
जयपुर में बुधवार सुबह 26 साल की युवती को बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से गोली मार दी। उसकी हालत गंभीर है। पति का आरोप है कि वारदात में उसके बड़े भाई शामिल हैं। उसका यह भी कहना है कि हमने करीब एक साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। (पूरी खबर पढ़ें)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.