विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में विदेशी जोड़े की कला देख हर कोई हैरत में पड़ गया। मौका था साफा प्रतियोगिता का। विदेशियों के साथ भारतीयों ने भी इसमें हिस्सा लिया। सबको पछाड़ते हुए इजराइल के कपल बारल व बारा ने बाजी मार ली। उन्हें इनाम से नवाजा गया।
शनिवार को भी मेले में विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। मेला ग्राउंड में जिला प्रशासन ने विदेशी व इंडियंस के बीच मूंछ, साफा सहित क्रिकेट कॉम्पिटीशन करवाया।
भीलवाड़ा के भाई-बहन रहे दूसरे स्थान पर
राजस्थान की शान साफे की प्रतियोगिता पुष्कर के मेला ग्राउंड में शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे शुरू हुई। इसमें रशिया, UK, जर्मनी, अमेरिका, इग्लैंड, इजरायल और भारत से कुल 13 टूरिस्ट कपल ने भाग लिया। सभी को प्रतियोगिता से पहले साफा बांधने का डेमो दिया गया। 10 से 11 सेकेंड में साफा बांधकर पहला पुरस्कार इजराइल के विदेशी कपल बारल व बारा ने जीता। दूसरा पुरस्कार भीलवाड़ा के भाई-बहन मंजू एंड हरफूल, तीसरा पुरस्कार इजरायल के कपल मीका व मय को दिया गया।
पहला स्थान प्राप्त करने वाले इजराइल के बारल ने बताया कि उन्हें पुष्कर मेले में आकर बहुत अच्छा लगा। पहला पुरस्कार पाकर काफी अच्छा लग रहा है।
पाली के राम सिंह राजपुरोहित को पहला पुरस्कार
मेला ग्राउंड में आयोजित हुई मूंछ प्रतियोगिता में पाली जिले के राम सिंह राजपुरोहित को पहला पुरस्कार दिया गया। उनकी मूंछें करीब 6 फीट की थीं। मूंछों के प्रदर्शन और चेहरे की सुंदरता को देखते हुए 3 हजार का कैश इनाम और ट्रॉफी दी गई। इसके साथ ही दूसरा इनाम भीलवाड़ा के ईशान खान को दिया गया। इनकी मूंछें 22 इंच की थीं। इन्हें 2 हजार का कैश इनाम दिया गया। तीसरा इनाम पाली के कुलदीप सिंह को दिया गया, जिन्हें एक हजार कैश दिया गया। इनकी मूंछ की लंबाई 12 इंच थी।
17 प्रतिभागियों ने किया मूंछों का प्रदर्शन
मूंछ प्रतियोगिता में भीलवाड़ा, पाली, अजमेर सहित रशिया के विदेशी पर्यटक ने भी पार्टिसिपेट किया।17 प्रतिभागियों ने सैलानियों के सामने अपनी मूंछों का प्रदर्शन किया। पाली जिले का पाली बियर्ड क्लब ग्रुप भी शामिल हुआ। ग्रुप राजस्थानी पहनावे और कल्चर के साथ कॉम्पिटीशन में उतरा। ये काफी आकर्षक लग रहे थे। पाली बियर्ड क्लब ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि उनके ग्रुप में एक व्यक्ति को तैयार होने में करीब 4 घंटे का समय लगता है। इस ग्रुप ने कई मूंछ प्रतियोगिताएं करवाई हैं।
क्रिकेट में शामिल हुआ एकमात्र विदेशी मेहमान
सबसे पहले क्रिकेट प्रतियोगिता लगान की तर्ज पर सुबह 9 बजे होनी थी। किसी कारणवश यह प्रतियोगिता नहीं हो पाई। दो घंटे तक सभी इंतजार करते रहे। इसके बाद सुबह 11.27 पर मूंछ प्रतियोगिता हुई। दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों के बीच रस्सा खींच प्रतियोगिता हुई। साफा प्रतियोगिता 12.37 पर शुरू हुई। सबसे बाद में दोपहर करीब 1 बजे क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। इसमें एकमात्र विदेशी खिलाड़ी ने हिस्सा लिया।
विदेशी महिला टूरिस्ट ने बताया कि उन्हें साफा प्रतियोगिता में भाग लेकर काफी अच्छा लगा। उन्होंने सोचा नहीं था कि यहां आकर उन्हें इतना अच्छा लगेगा। अगले साल भी वह पुष्कर मेले में आएंगी।
पंचायत स्तर की रस्सी खींच प्रतियोगिता
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों के बीच पंचायत स्तर रस्सी खींच प्रतियोगिता हुई। मुकाबला अजमेर के पीसांगन और श्रीनगर पंचायत समिति के बीच खेला गया। 25-25 की टीम बनाई गई। मुकाबले को श्रीनगर पंचायत समिति ने जीत लिया।
ये भी पढ़ें
दुनिया में फेमस पुष्कर मेले का ड्रोन VIDEO:सरोवर के घाटों पर अयोध्या की तर्ज पर दीये जगमगाए, पहली बार CM ने किया झंडारोहण
सवा लाख दीपकों से महाआरती के साथ ही पुष्कर मेला चल रहा है। इसकी शुरुआत पर सरोवर के घाटों पर अयोध्या की तर्ज पर दीपक जलाए गए। मेले की शुरुआत भी सुबह के बजाय शाम को की गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महाआरती करके मेले की शुरुआत की। हाल के सालों में ये भी पहली बार हुआ की मुख्यमंत्री ने पुष्कर मेले का झंडारोहण किया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.