अजमेर शहर की प्रमुख दीवारें सजने लगी हैं। राजस्थानी शैली शहरवासियों को लुभा रही हैं। सरकारी भवनों की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग्स की जा रही है। देश सहित प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों का चित्रण किया गया है। जिसमें जल महल उदयपुर, राष्ट्रपति भवन दिल्ली, जोधपुर मेहरानगढ़ किला्, अजमेर किला, जयपुर का हवा महल सहित अन्य पर्यटन स्थल चित्रों के माध्यम से उकेरे गए हैं।
अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मुराल एंड वॉल पेंटिंग्स के माध्यम से शहर के प्रवेश द्वारों सहित प्रमुख चौराहों की दीवारों पर पेंटिंग की जा रही है। मुराल एंड वॉल पेंटिंग के तहत शहर के प्रमुख द्वारों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। राजस्थान शैली की चित्रकारी के साथ सरकार की योजनाओं की जानकारी एवं संदेशों को प्रमुखता से दर्शाया जा रहा है।
प्रमुख रूप से जयपुर की ओर से अजमेर में प्रवेश करने वाली कलवर्ट में पेंटिंग एवं लाइटिंग करके प्रवेशद्वार को सजा दिया गया है। आरटीडीसी के भीतर एवं बाहर दीवारों पर सुन्दर पेंटिंग की गई है। इससे दीवारों की सुंदरता को चार चांद लग गए हैं। इसी प्रकार सूचना केंद्र में बने ओपन एयर थियेटर में भी पेंटिंग कर इसकी सुन्दरता बढ़ाई गई है। यहां पर सेल्फी पाइंट बनाया गया है।
अरबन हाट, तोपदड़ा अंडर पास पुलिया, गांधी भवन स्कूल, सावित्री कॉलेज, CRPF की दीवार, राजा साइकिल चौराहे स्थित रेलवे पार्क की दीवर पर सुन्दर पेंटिंग आमजन को लुभा रही है। इन पेंटिंग के माध्यम से सरकार की जन कल्याण कारी नीतियों को भी उजागर किया गया है। शहर के प्रवेश द्वारों को आकर्षक और सुन्दर बनाया जा रहा है। इसी प्रकार शहर के प्रमुख चौराहों पर भी भित्तिचित्र बनाए जाएंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.