अल्प संख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम के संयुक्त तत्वावधान में आजादी का अमृत महोत्सव के उलक्ष्य में रविवार को मुशायरा कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। ख्वाजा मॉडल स्कूल सिविल लाइंस में होने वाले इस आयोजन में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के आने की संभावना है।
दरगाह कमेटी के सदर अमीन पठान ने बताया कि मंत्रालय द्वारा मेरा वतन-मेरा चमन की थीम पर इस मुशायरे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के सुविख्यात शायर और कवि भाग ले रहे हैं। सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजु ए कातिल में है, पंक्ति के साथ मातृ भूमि की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों को याद किया जाएगा।
प्रमुख शायर, वसीम रिजवी्र शबाना अदीब, मंजर भोपाली, सुरेंद्र सिंह शजर, जौहर कानपुरी, कर्नल डॉ. वीपी सिंह, पद्मिनी शर्मा, सुदीप भोला, शंभू शिखर, अनामिका अंबर, डॉ. निखत अमरोही, डॉ. अब्बास रजा नय्यर जलालपुरी और डॉ. ऐजाज पॉपुलर मेरठी शामिल होंगे। ख्वाजा मॉडल स्कूल सिविल लाइंस में शाम 4 बजे से शुरू होगा। मातृ भूमि की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शूर वीरों को याद कर खिराज ए अकीदत पेश किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में दरगाह कमेटी के उपाध्यक्ष मुनव्वर खान, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष इलियास कुरैशी और दरगाह नाजिम अशफाक हुसैन के साथ ही अन्य गणमान्य लोग भी शामिल थे।
राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की तैयारी जारी
पठान की अगुवाई में ख्वाजा मॉडल स्कूल में मुशायरे की तैयारियों का जायजा लिया गया। विशाल मंच तैयार कराया गया है। बैक ग्राउंड में मुशायरे का आकर्षक बोर्ड तैयार रहेगा। मौसम को देखते हुए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। पठान ने कहा कि शहर के गणमान्य लोगों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी विशिष्टजन को इस आयोजन के लिए आमंत्रित किया गया है।
दरगाह की वजह से मिली प्राथमिकता
मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जाने वाले मुशायरे कवि सम्मेलन को देश के विभिन्न शहरों द्वारा मेजबानी का दावा किया गया था। लेकिन मंत्रालय ने महान सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह को देखते हुए अजमेर शरीफ को ही मेजबानी के लिए प्राथमिकता दी गई। दरगाह कमेटी के सदर अमीन पठान की इस मामले में अहम भूमिका रही है।
(रिपोर्ट : आरिफ कुरैशी)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.