भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा मंगलवार को अजमेर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस को घेरने का काम किया। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया गया।
अजमेर पहुंचे भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए कहा कि करौली में दंगे अब हुए हैं। लेकिन इससे पहले ही राजस्थान में महिला अत्याचार, लूटपाट, डकैती और चैन स्नैचिंग व गुंडागर्दी हो रही है। जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ी है। लेकिन मुख्यमंत्री इस पर ध्यान देने के बजाय अपने बजट पर गर्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके खुद के जोधपुर जिले में महिला अत्याचारों से संबंधित मुकदमें रोजाना थानों में दर्ज हो रहे है। जिससे राजस्थान की कानून व्यवस्था की स्थिति दिख रही है, इसके बाद भी कांग्रेस सरकार को शर्म नहीं है। आहूजा ने राजस्थान में REET परीक्षा पेपर लीक मामले में भी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे साफ दिखाई देता है कि राजस्थान की व्यवस्था, अवस्था और व्यथा बहुत ज्यादा खराब है।
गहलोत कर रहे तुष्टिकरण
राजस्थान के करौली जिले में हुए दंगे पर भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तुष्टिकरण कर इस घटना को मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 4 हजार करोड मदरसों को दिए हैं। लेकिन यह लोग हिंदुओं के त्योहार और कार्यक्रम के खिलाफ है। त्योहारों पर वह धारा 144 लगवा रहे हैं। जिससे साफ दिखाई दे रहा है कि वह तुष्टिकरण की नीति अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 3 एम ( माली, मुस्लिम और मीणा) पर सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस देश में तुष्टीकरण की नीति नहीं चलेगी। देश में वही राज करेगा जो हिंदुओं के मन को जीतेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र से लेकर राजस्थान तक कांग्रेस हिंदू विरोध कर रही है, जिससे कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।
PM के चेहरे पर लड़ा जाएगा चुनाव
अजमेर में भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा ने मीडिया से बातचीत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की 5 से लेकर 15 सीटें होंगी और बीजेपी की 60 से 170 सीटें होंगी यह मेरी घोषणा है। मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर राजस्थान में बीजेपी किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। इसपर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कमल के फूल पर चुनाव लड़ेगी और चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होगा और मुख्यमंत्री कौन होगा वह चुनाव के बाद विधायक दल तय करेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.