राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती ने गुरुवार को अजमेर स्थित केन्द्रीय कारागार महिला जेल का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और जेल के भीतर बंद कैदी महिलाओं की स्थिति का जायजा लिया।
महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना जांच दल के साथ गुरूवार को अजमेर पहुंची और वहां रह रही महिला बंदीयों और जेल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिलाओं के रहने, खाने, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय एवं आवश्यक सुविधाओं, स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न गतिविधियों, अध्ययन, महिलाबंदियों के साथ जेलकर्मियों द्वारा किए जा रहे व्यवहार, जेल मेनुअल की पूर्ण पालना, भोजन रोस्टर के अनुसार संतुलित व गुणवत्तापूर्ण आहार प्रबंधन, स्टोर आदि की जांच कर इनसे संबंधित व्यापक जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जांच के दौरान वहां उपस्थित बंदी महिलाओं ने बताया कि वे वहां आपसी सौहार्द से रह रही हैं, और उन्हें कोई दुविधा या परेशानी नहीं हैं।
रिजवी ने इस दौरान जेल में कैदी महिलाओं से संवाद स्थापित कर अपराधबोध से निकलने व बंदियों के कल्याण से संबंधित न्याय प्रणाली, संवैधानिक अधिनियम, अधिकार व कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पर चर्चा की। उन्होंने महिला बंदीयों को भूतकाल की गलतियों से सीख लेकर सुधारात्मक उपचार की इस भारतीय न्याय प्रणाली व कानून व्यवस्था के तहत यहां रहते हुए सकारात्मक सोच के साथ भावी जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जेल अधिकारियों से वार्ता करने पर उन्होंने महिला आयोग अध्यक्ष चिश्ती को बताया कि इस जेल में नवचार करते हुए महिला बंदियों एवं उनके शिशुओं के लिए स्वस्थ वातावरण निर्मित करने के लिए प्रयास किए गए हैं।
जेल अधीक्षक द्वारा कैदियों की बैंण्डटीम तैयार करवाई गई है जिसे बजाकर सुनाया गया। महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना ने इस पर हर्ष जताया और बंदीयों की प्रशंसा कर उनका उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान महिला आयोग सदस्य सुमन यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्रपाल सिंह, उपसचिव कमल सिंह यादव, जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल, जेलर प्रियंका चौधरी सहित जेल प्रशासनकर्मी मौजूद रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.