गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल:स्टूडेन्ट्स और पुलिस जवानों ने दी प्रस्तुति, एडीएम ने किया झंडारोहण

अजमेर5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
फाइनल रिहर्सल में प्रस्तुति देते स्टूडेन्ट्स। - Dainik Bhaskar
फाइनल रिहर्सल में प्रस्तुति देते स्टूडेन्ट्स।

अजमेर में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह पुलिस लाइन मैदान में होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की अंतिम रिहर्सल की गई। इसमें सामुहिक परेड, बैण्ड, सामुहिक व्यायाम प्रदर्शन, सामुहिक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने झंडारोहण कर मार्च को सलामी दी।

परेड की सलामी लेते एडीएम।
परेड की सलामी लेते एडीएम।

26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस समारोह में पुलिस लाईन मैदान में प्रात 9.30 बजे होगा। ये आजादी के अमृत महोत्सव की थीम पर आधारित होंगे। इनका पूर्वाभ्यास 16 जनवरी से आरम्भ किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निर्धारण के लिए अधिकारियों की समिति का गठन किया गया है। इसमें जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर निगम के उपायुक्त, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक शिक्षा एवं प्रारम्भिक शिक्षा को शामिल किया गया है। पर्व के दौरान आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित स्कूल स्तर पर होने वाले आयोजन को लेकर इन दिनों तैयारी की जा रही हैं। इसी कड़ी में पुलिस लाइन ग्राउंड में भी विभिन्न स्कूलों के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया।

जानकारी देते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि आज सीआरपीएफ, राजस्थान पुलिस, होमगार्ड सहित अजमेर के स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स द्वारा मार्च पास्ट किया गया। उसके बाद बैंड वादन किया गया, उसके पश्चात नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई। अंतिम रिहर्सल में जो भी कमी निकलकर सामने आई है, उसको लेकर निर्देशित कर दिया गया है।

कार्यक्रम में प्रस्तुति देती बालिकाएं।
कार्यक्रम में प्रस्तुति देती बालिकाएं।

पूर्व संध्या पर होगा कार्यक्रम

गणतन्त्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को सांय 6 बजे जवाहर रंगमंच में सास्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रस्तुतियों के चयन के लिए नगर निगम के उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। इसके संयोजक मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा होंगे। कमेटी के सदस्य मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक शिक्षा, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के उपनिदेशक, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक तथा केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य है।

उत्कृष्ठ कार्य के लिए होगा सम्मान

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव 18 जनवरी तक स्वीकार किए गए। प्रशस्ति पत्र कमेटी के अध्यक्ष अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम है। इसके सदस्य नगर निगम के उपायुक्त, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तथा सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय के उपनिदेशक को बनाया गया है। गत 5 वर्षो में सम्मानित नहीं होने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

झांकियों का प्रदर्शन

जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को दर्शाने वाली झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूर्व तैयारी के लिए लोक सेवाओं की सहायक निदेशक देवीका तोमर को नोडल बनाया गया है। सर्वश्रेष्ठ झांकियों के निर्धारण के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव एवं नगर निगम के उपायुक्त की कमेटी गठित की गई है। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली झांकियों को पुरूस्कार वितरित किए जाएंगे।