एक युवती ने अजमेर की विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में 15 सेकंड की रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। इसे लेकर विवाद छिड़ गया है। वीडियो वायरल होते ही दरगाह कमेटी ने इसकी शिकायत थाने में दी है और लड़की पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
काले कपड़े में बॉलीवुड के एक गाने पर किया स्टंट
दरअसल, मिशा नाम की एक लड़की ने 15 सेकेंड की रील बनाई थी। इसमें वह काले कपड़े में बॉलीवुड गाने पर जिम्नास्टिक्स करते हुए दिख रही है। इसका वीडियो को लड़की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया है। वीडियो जब दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने इस पर नाराजगी जताई।
TIKKI एप पर बने मिशा ऑफिशियल अकाउंट पर यह वीडियो अपलोड
गुरुवार देर रात दरगाह कमेटी के अध्यक्ष अमीन पठान के निर्देश पर सहायक नाजिम ने दरगाह थाने में शिकायत भेजी। इसमें बताया कि लड़की ने TIKKI एप्लिकेशन पर बने मिशा ऑफिशियल अकाउंट पर यह वीडियो अपलोड किया है। वीडियो सामने आने के बाद दरगाह के खादिमों ने भी नाराजगी जाहिर की है।
कव्वाली की धुन पर किया जिम्नास्टिक्स, आस्था को ठेस
कमेटी ने दरगाह थाने में शिकायत देकर बताया कि 15 सेकंड के वीडियो में लड़की जामा मस्जिद के शाही घाट वाली तरफ से आस्ताना शरीफ को देखते हुए कव्वाली की धुन पर जिम्नास्टिक्स करती दिख रही है। वीडियो में गुंबद तरफ लड़की का पैर गया है। इससे दरगाह की प्रतिष्ठा एवं आस्था को ठेस पहुंची है। धार्मिक भावनाओं को भड़काने और दरगाह की प्रतिष्ठा एवं गरिमा को ठेस पहुंचाने पर कार्रवाई की जाए।
मिशा के सोशल मीडिया पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
TIKKI सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिशा की ऑफिशियल आईडी पर 1 लाख 57 हजार फॉलोअर्स है। वहीं इंस्टाग्राम आईडी पर 3 लाख 70 हजार फॉलोअर्स है। लड़की के इन अकाउंट पर जिम्नास्टिक्स के कई वीडियो भी हैं। मिशा ने अजमेर के अलावा जयपुर शहर के टूरिस्ट प्लेस पर भी जिम्नास्टिक्स करते हुए के कई वीडियो अपलोड किए हैं, जिस पर उन्हें सोशल मीडिया पर सैकड़ों लाइक्स मिलते रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.