अपने बेटे के इलाज के लिए भीलवाड़ा गए परिवार के सूने मकान में चोरों ने हाथ साफ किया। चोरों ने सरियों से मकान व कमरों के ताले तोडे़ और लाखों के जेवरात व नकदी ले गए। पड़ोसियों ने सूचना दी और बुधवार देर शाम आकर देखा तो पता चला। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिव विहार कॉलोनी, लोहागल अजमेर निवासी संतोष ने बताया कि उनके बेटे का एक्सीडेन्ट हो गया था और उसके इलाज के लिए अपने पति अशोक के साथ करीब पन्द्रह दिन पहले भीलवाड़ा गए। इस दौरान पीछे से मकान सूना ही था। पड़ोसियों ने मकान खुले होने की जानकारी दी। बुधवार देर शाम आकर देखा तो ताले टूटे हुए थे। यहां दो सरिए भी मिले। चोर आलमारी से करीब सात लाख के जेवरात व करीब साठ हजार रुपए नकद ले गए। इसके बाद पुलिस को सूचना की। पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
नकली जेवरात छोड़ गए
चोरों ने यहां आराम से वारदात अंजाम दी। यहां रखे गए सोने व चांदी के नकली जेवरात चोर छोड़ गए। वहीं असली सोने चांदी के जेवरात ले गए।
(फोटो-मोहन ठाड़ा)
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.