रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- सात-आठ महीने में वंदे भारत ट्रेन की मरम्मत शुरू होगी। अगले साल अप्रैल-मई तक इस ट्रेन को अजमेर से भी जोड़ दिया जाएगा। मतलब यहां स्टॉपेज कर दिया जाएगा। इसके बाद इसकी सुविधा अजमेर को भी मिलने लगेगी। अजमेर से निकलने वाली एक ट्रेन का नाम सम्राट पृथ्वीराज चौहान किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
पुष्कर-मेड़ता लाइन की डीपीआर तैयार
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे रेल मंत्री वैष्णव अजमेर पहुंचे। यहां उन्होंने रेल कारखाना भी देखा। उन्होंने कहा- दस लाख लोगों को केन्द्र सरकार ने नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। पहला व दूसरा चरण पूरा कर लिया गया है। यह बहुत बड़ी मुहिम है। इससे युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। पुष्कर से मेड़ता रोड लाइन के सर्वे व डीपीआर का काम पूरा हो गया है। प्रपोजल सैंक्शन के लिए प्रधानमंत्री के सामने रखा जाएगा। अप्रूवल मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। यह बहुत पुरानी मांग है।
वर्ल्ड क्लास स्टेशन होगा अजमेर
रेल मंत्री ने कहा- देश में 200 वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें अजमेर को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा- राजस्थान में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। मोदी ने रेलवे के एग्जाम करवाए। 87 लाख युवा शामिल हुए। सिंगल कंपलेंट नहीं है। राजस्थान की जनता भी यही चाहती है। इसी तर्ज पर परीक्षा यहां भी होनी चाहिए।
रेलवे का सिस्टम चलाना छोटी बात नहीं
अश्विनी वैष्णव ने कहा- आज भी हर रेल यात्री को 55 प्रतिशत की रियायत दी जा रही है। इतना बड़ा सिस्टम चलाना, कोई छोटी बात नहीं है। हर माह डेढ़ लाख करोड़ वेतन व पेंशन पर खर्च हो रहा है। केवल प्रलोभन देकर देश चलाने से देश का भला नहीं हो सकता। बहुत कुछ सोचना पड़ता है।
अश्विनी वैष्णव सबसे पहले सुबह 10 बजे रोजगार मेले में पहुंचे। यहां युवाओं से कहा- जिंदगी की एक नई जर्नी शुरू हो गई है। बहुत उतार-चढ़ाव आएंगे, क्या सही, क्या गलत। आंकलन करना पडे़गा। रिस्क लें या नहीं, सोचना पडे़गा। प्रलोभन भी मिलेंगे। एक मंत्र याद रखें। राष्ट्र प्रथम-सदैव प्रथम। वही लोग आगे गए, उन्हीं लोगों ने संतुष्टि हासिल की, जिन्होंने राष्ट्र को प्राथमिकता दी।
वैष्णव ने कहा- कई लोग आरोप लगाते हैं कि रोजगार कम है। उन लोगों को समझना चाहिए कि जब 2014 में मोदी सत्ता में आए। तब देश की परिस्थितियां कैसी थीं। देश अर्थ नीति से चलता है। बैकिंग सिस्टम को खोखला कर रखा था। कैसे-कैसे स्कैम हुए। यह सबको पता है। उसे ठीक करने में समय लगा।
पेपर लीक व भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
रोजगार मेले में शामिल होने के बाद पत्रकारों से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- दस लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा। इतना बड़ा अभियान पूरी पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है। कुछ राज्य सरकारें ऐसी हैं कि जहां पेपर लीक होते हैं, भ्रष्टाचार होते हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर रेलमंत्री ने कहा- वे किस तरह के दौरे कर रहे हैं, यह भी देखें। जो राष्ट्र के विरोध में काम कर रहे हैं, उन लोगों के साथ दौरे कर रहे हैं।
जल्द शुरू होगा पुष्कर-मेड़ता रेल रूट पर काम
रेल मंत्री दोपहर करीब 12 बजे पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा- पुष्कर-मेड़ता को जोड़ने वाले रेलमार्ग के लिए सर्वे पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चर्चा कर इसकी स्वीकृति दिलाई जाएगी। सांसद भागीरथ चौधरी का भी आभार जताया कि लगातार इस प्रोजेक्ट के लिए मांग की। डीपीआर अप्रूव कर जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बोले- हेलमेट पहन कर आओ
दोपहर करीब 1.15 बजे रेलवे कैरिज कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना हेलमेट के कई कर्मचारी दिखे। उन्होंने हेलमेट पहनकर आने को कहा। इस दौरान उन्होंने सबको बधाई भी दी। कहा- आप लोगों ने अजमेर वर्कशॉप का गौरव बनाकर रखा है। वंदे भारत की तैयारी करने का भी आह्वान किया।
लोको कारखाने में देखा इंजन
रेल मंत्री दोपहर करीब 2 बजे लोको कारखाना पहुंचे। भाप का इंजन देखा। अधिकारियों से तमाम जानकारियां भी लीं। इस दौरान बताया गया कि अजमेर में मौजूद भाप इंजन साल 1873 में लाया गया था। इसे गंगा कैनाल के निर्माण कार्य में भी काम में लिया गया था। इसे इंडियन स्टेट रेलवे द्वारा सन 1879 में राजपुताना स्टेट रेलवे को सौंपा गया था। सन 1885 में यह लोको कैरिज एण्ड वैगन विभाग की सम्पत्ति बना। इस लोको ने लगभग 100 वर्ष शंटिंग का कार्य किया।
भाजपा कार्यालय देखा
रेल मंत्री दोपहर करीब 3.30 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने से पहले खुद का परिचय दिया।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
भाजपा कार्यालय में रेल मंत्री ने केन्द्र की पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- कांग्रेस केवल चने-मूंगफली देती रही है। इससे विकास नहीं होता। केन्द्र सरकार की ओर से रेलवे के लिए राजस्थान में 682 करोड़ दिया जाता रहा। कांग्रेस राज में इतने बडे़ प्रदेश के लिए यह राशि बहुत कम थी। मोदी ने आते ही इसे बढ़ावाना शुरू किया और इस साल 7573 करोड़ रुपए दिए। यह बारह गुना ज्यादा है। राजस्थान के विकास के लिए प्रधानमंत्री ने बहुत कुछ किया।
सुबह अजमेर पहुंचने पर स्वागत
अजमेर पहुंचे रेल मंत्री का रेलवे स्टेशन पर उनका कलेक्टर अंशदीप और एसपी चूनाराम जाट सहित भाजपा पदाधिकारियों, रेलवे के अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद रेस्ट हाउस पहुंचे। फिर सीआरपीएफ, फॉय सागर रोड, अजमेर में आयोजित रोजगार मेले में गए। यहां सीआरपीएफ जवानों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वह सीआरपीएफ के मेंस क्लब पहुंचे। आईजी विक्रम सहगल सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रेल मंत्री के साथ अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, रेलवे के अधिकारी व सीआरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।
अजमेर की 3 रेल लाइनें लंबित
अभी सालाना यह काम कर रहा अजमेर रेल कारखाना
पुष्कर-हरिद्वार ट्रेन की भी आस
उदयपुर-हरिद्वार ट्रेन अभी सोमवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित है। इसे मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को अजमेर से चलाया जा सकता है। अस्थियां विसर्जन करने तीर्थयात्री हरिद्वार के बाद पुष्कर भी जाते हैं।
2013 में हुआ मेमू कोच फैक्ट्री का शिलान्यास, नहीं शुरू हुआ प्रोजेक्ट
अजमेर कारखाने में क्षमता के बावजूद 2013 में भीलवाड़ा के रूपाहेली में मेमू कोच फैक्ट्री (मेनलाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट कोच फैक्ट्री) का शिलान्यास यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था। फैक्ट्री की स्थापना के लिए रेलवे और भेल के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर हो गए थे। मगर इसका काम प्रारंभ नहीं हो पाया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.