पुष्कर में अनियंत्रित होकर पलटी कार:70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, दो घायल

पुष्कर11 दिन पहले
  • कॉपी लिंक

पुष्कर के निकटवर्ती देवनगर गांव रोड पर थांवला से अजमेर जाते समय स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वहीं कार में सवार युवक और एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने पुष्कर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने के चलते अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई
हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई

पारिवारिक काम से अजमेर जा रहा था परिवार

पुष्कर के निकटवर्ती जिला नागौर के थांवला गांव के पास राक्यासना गांव से अजमेर जाते वक्त परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। इस दौरान हादसे में 70 वर्षीय जवाना राम की मौके पर मौत हो गई। वहीं मृतक के छोटे भाई की पत्नी कानी देवी और पोता सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भिजवाया गया। सूचना पर पहुंची पुष्कर पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।

परिजनों को दी सूचना

पुष्कर पुलिस ने मृतक जवानाराम का शव राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। साथ परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। सूचना पर पुष्कर राजकीय चिकित्सालय पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने बताया कि परिजनों की रजामंदी के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

खबरें और भी हैं...