भाजपा के विधायक व वरिष्ठ नेता मदन दिलावर शुक्रवार को अलवर आए। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मंत्री खाचरियावास व प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भ्रष्ट बताया। कहा कि एसीबी प्रदेश के 250 से अधिक बड़े अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ आय से अधिक सम्पति के मामले में जांच की अनुमति सरकार से चाहती है। लेकिन सरकार अनुमति नहीं दे रही। उल्टा इस बहाने उन अधिकारी व कर्मचारियों से वसूली हो रही है। यह भ्रष्टाचार नहीं तो क्या है। इनके मंत्री प्रताप सिंह खचारियावास व गोविंद सिंह डोटासरा के भ्रष्ट होने की पुष्टि हो चुकी है। फिर भी डोटासरा को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया। जिससे जाहिर है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद भ्रष्ट हैं। गोविंद सिंह डोटसरा के मामले में तो शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से साफ कह दिया था कि ट्रांसफर के पैसे देने पड़ते हैं। फिर भी उनको प्रदेशाध्यक्ष बना दिया।
कोरोना भी मुख्यमंत्री के कारण फैला
मदन दिलावर ने यह अटपटा बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कारण कोरोना संक्रमण फैला है। दिसम्बर माह में उन्होंने पार्टी की सभा कर देश भर के लोग बुलाए। उसके बाद संक्रमण फैला है। लेकिन संक्रमण की रफ्तार राजस्थान से अधिक कई अन्य प्रदेशों में है।
मेवात द्वार नहीं लिखने देंगे
दिलावर ने कहा कि सरकार एक और षड़यंत्र करने में लगी है। सरकार के प्रतिनिधि कामा के सभी प्रवेश द्वारों पर बने गेट पर मेवात लिखवाने की बात कह रहे हैं। जबकि यह ब्रज क्षेत्र है। यहां मेवात नहीं लिखने दिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.