अलवर के तिजारा में हिंगवाहेड़ा गांव में पेड़ की एक टहनी काटने पर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। टहनी काटने पर एक पक्ष इतना नाराज हो गया कि करीब 8 से ज्यादा महिला-पुरूष ने युवक पर एक साथ डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इतना ही नहीं कुल्हाड़ी से कई जगहों पर हमला कर उसे अधमरा कर दिया। दरअसल, घटना 24 नवंबर की है। लेकिन इस घटना का वीडियो अब सामने आया है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर दिया है। इसके बाद हमला करने वाले पक्ष के दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। गांव के सरपंच पति ने बताया कि यह झगड़ा दो परिवार के लोगों के बीच हुआ था। पीड़ित युवक अपनी बकरियां लेकर इनके यहां पहुंचा। इस दौरान उसने पेड़ की एक टहनी काट दी। इससे नाराज रामू व सूरजपान परिवार के लोगों ने डंडे से मारपीट शुरू कर दी। यह देख परिवार के दूसरे लोग भी डंडा लेकर आ गए और उस पर लगातार वार करते रहे। इनमें एक कुल्हाड़ी लेकर आया और युवक पर हमला कर दिया। इस झगड़े में युवक को कुल्हाड़ी से कई जगह वार भी किए। इसके बाद उसे अधमरा छोड़ वहां से चले गए। वहां मौजूद कुछ लोग उसे तिजारा अस्पताल लेकर आए। यहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया।
महिलाओं ने भी चलाए लट्ठ
ग्रामीणों ने बताया कि हमले में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। झगड़े के बाद दो महिलाएं भी डंडा लेकर आई और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घायल युवक की जब जान निकलने लगी तो महिलाएं कहने लगी बस अब तो छोड़ दो। इस हमले में युवक गंभीर घायल हो गया। उसका अभी जयपुर में इलाज चल रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.