फेसबुक के जरिए दोस्ती और उसके बाद प्यार के चक्कर में एक 16 साल की लड़की युवक के साथ भाग गई। पुलिस ने आठ महीने बाद नाबालिग को पकड़ा तो गर्भवती निकली। लड़की की मां ने किडनैप का मामला दर्ज करवाया था। दोनों के पकड़े जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
4 महीने की गर्भवती है 16 साल की लड़की
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र गोयल की गठित टीम ने बालिका को अलवर के एक गांव से पकड़ा है। मौके से आरोपी युवक शेर सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों को चित्तौड़गढ़ लेकर आई और किशोरी का बयान दर्ज करवाया। बालिका ने कोर्ट के सामने पूरी घटना बताई। लड़की के 4 महीने गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इसके बाद आरोपी युवक शेर सिंह को पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
जयपुर से अलवर गए,मोबाइल की सिम तोड़ी
चित्तौड़ के भदेसर थानाधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि 16 साल की बालिका के किडनैप का मामला उसकी मां ने 25 मार्च को दर्ज करवाया था। तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही थी। अलवर से बुधवार को लड़की को पकड़कर बयान लिया गया। उसने बताया कि डेढ़ साल से अलवर के एक युवक से संपर्क में थी। फेसबुक के जरिए दोनों के बीच दोस्ती हुई और एक-दूसरे को अपना नंबर बताया। बातचीत शुरू हो गई और प्यार हो गया। दोनों ने एक दिन भागने कस फैसला किया। 24 मार्च को लड़की घर से निकलकर जयपुर सिंधी कैंप पहुंच गई। युवक शेर सिंह पहले से ही उसका इंतजार कर रहा था। जयपुर से अलवर चले गए और मोबाइल की सिम तोड़ दी।
मां ने लिया हाई कोर्ट का सहारा
किडनैप का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आस-पास के सभी क्षेत्रों में लड़की की तलाश की। मगर दोनों सिम तोड़ने के कारण दोनों की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई। इसके बाद मां ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका हाईकोर्ट में दायर की। मामले में हाईकोर्ट में दो बार सुनवाई हुई। कोर्ट ने आखरी बार जिला पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिदेशक से मामले में जानकारी ली।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.