पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नए कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों के आह्वान पर जिले के कई मार्गों पर शनिवार को चक्काजाम किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता और कई किसान संगठन शाहजहांपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 48ए पर टोल प्लाजा पर जाम लगाएंगे। इधर अलवर-सिकंदरा मेगा हाइवे पर कोठी नारायणपुर में दोपहर 3 से शाम 6 बजे भारतीय किसान यूनियन टिकैत (अराजनैतिक) की रैणी इकाई शांतिपूर्ण प्रदर्शन व चक्काजाम करेगी। जबकि खेड़ली क्षेत्र में मंडावर-कठूमर मार्ग पर भनोखर में, कठूमर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर जावली तिराया और नगर मार्ग पर कुट्टी साहबदास में शाम 3 बजे से 6 बजे तक जाम लगाने का ऐलान किया गया है।
संयुक्त किसान मोर्चे ने देशभर में करीब 500 संगठनों के समर्थन से देशव्यापी चक्काजाम की बात कही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारी की है। शाहजहांपुर बॉर्डर व टोल प्लाजा पर आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। भिवाडी एवं अलवर जिले से आरएसी की तीन कंपनी में करीब 360 जवान तैनात कर दिए हैं। नीमराना डीएसपी महावीर सिंह शेखावत, एएसपी राजेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी सुनील जांगिड सहित भिवाडी थाने के अधिकांश थाने के थाना प्रभारियों को शाहजहांपुर बॉर्डर पर तैनात किया गया है।
इस बीच शाहजहांपुर में किसानों के पड़ाव स्थल पर 56वें दिन सभा हुई। संयुक्त मोर्चा से जुड़े किसान संगठनों के लोगों ने अपने क्षेत्रों में चक्काजाम आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया गया। किसानों की सभा में जाट महासभा के राजाराम मील ने संगठन के लोगों से कहा कि हर गांव-ली से लोगों को किसान कानून की हकीकत बता समर्थन जुटाएं।
किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष बलबीर छिल्लर ने क्षेत्रीय इकाइयों के साथ बैठक की। पड़ाव में किसानों के साथ एकजुटता दिखाने वाले नेताओं का आना भी जारी रहा। शुक्रवार को सीटू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी, त्रिपुरा के पूर्व मंत्री व आदिवासी अधिकार राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक जितेन्द्र चौधरी, राजस्थान पूर्ण शराबबंदी आंदोलन की पूजा छाबड़ा किसानों से मिले।
कांग्रेस का समर्थन; आंदोलन में जिलेभर से शामिल होंगे कार्यकर्ता
अलवर-भरतपुर संयुक्त किसान माेर्चा नाैगांवा बाॅर्डर पर दाेपहर 12 से 3 बजे तक चक्काजाम करेगा। माेर्चा अध्यक्ष लखविंदर ने बताया कि चक्का जाम में अलवर, मुबारिकपुर, पाटा, रामगढ़ सहित अन्य गांवाें से माेर्चा कार्यकर्ता भाग लेने जाएंगे। इधर, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष याेगेश मिश्रा ने बताया कि अलवर जिले के पार्टी कार्यकर्ता शाहजहांपुर, नाैगांवा, बानसूर व काेठीनारायणपुर जाएंगे। शाहजहांपुर: कांग्रेस नेता कविता यादव ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता शाहजहांपुर टोल पर जाम लगाएंगे।
खेड़ली: कठूमर, मंडावर, लक्ष्मणगढ़ और नगर मार्ग पर किसान संगठन रोकेंगे रास्ता
कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए लक्ष्मण राम मीणा की अध्यक्षता में भनोखर हनुमान मंदिर पर किसानों की बैठक हुई। इसमें कृषि बिल को काला कानून बताते हुए विरोध किया और दिल्ली बॉर्डर पर बैठे किसानों का समर्थन किया। बैठक के दौरान नायब तहसीलदार भनोखर को एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें क्षेत्र की कई सड़कों पर बिल के विरोध में रास्ता जाम करने का आह्वान किया।
बैठक में मंडावर से कठूमर सड़क पर भनोखर में, कठूमर से लक्ष्मणगढ़ सड़क पर जावली तिराया पर, नगर से खेड़ली मोड़ सड़क पर कुट्टी साहबदास पर एवं भनोखर से खेड़ली सड़क पर भनोखर गांव में 6 फरवरी को शाम 3 बजे से 6 बजे तक का जाम लगाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कैलाश मीणा, शैतान सिंह, राम अवतार मीणा, राकेश मीणा, पप्पू राम, राम सिंह, पृथ्वी राज, धर्म सिंह, देवराज पटेल, रामजी लाल पटेल सहित अनेक लोग मौजूद थे।
राजगढ़: मेगा हाइवे पर कोठी नारायणपुर में होगी महापंचायत
भारतीय किसान यूनियन टिकैत (अराजनैतिक) के रैणी तहसील अध्यक्ष पुखराज गुर्जर के नेतृत्व में स्थानीय किसान यूनियन कोठी नारायणपुर बाईपास पर महापंचायत करेगी। इसमें संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर दोपहर 12 से 3 बजे तक अलवर-सिकंदरा व करौली हाईवे चक्काजाम किया जाएगा। आंदोलन शांतिपूर्ण होगा और इससे पहले बाईपास पर महापंचायत होगी।
किसान नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंप इसकी जानकारी दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि महापंचायत में राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे किसानों के तीनों काले कानून रद्द करवाने, एमएसपी की गारंटी कानून बने एवं स्वामीनाथन आयोग की रिर्पोट लागू करने की मांग की जाएगी।
पॉजिटिव- आप प्रत्येक कार्य को उचित तथा सुचारु रूप से करने में सक्षम रहेंगे। सिर्फ कोई भी कार्य करने से पहले उसकी रूपरेखा अवश्य बना लें। आपके इन गुणों की वजह से आज आपको कोई विशेष उपलब्धि भी हासिल होगी।...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.