अलवर में शादी के एक साल बाद महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक महिला की बहन ने जीजा पर आरोप लगाया है। सुबह जब घरवाले उठे तो महिला का शव पलंग पर पड़ा था और पति फरार था। सूचना पर एसपी तेजस्वनी व एएसपी सरिता सिंह मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार दादर निवासी दो बहनों बसमिना व बसरी की शादी रामगढ़ के नंगला बंजीरका में एक ही घर में 29 अक्टूबर 2020 को हुई थी। बसमिना (21) की शादी साकिर से हुई थी। सोमवार सुबह बसमिना कमरे से बाहर नहीं आई तो घरवालों ने कमरे में जाकर देखा। पलंग पर उसका शव पड़ा था और गले में फंदा लगा हुआ था। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
एक साल पहले शादी, कई बार झगड़े हुए
साकिर टेंट का काम करता है। साथ में पढ़ाई भी करता था। बसमिना की बहन बसरी ने बताया कि एक साल में दोनों के बीच कई बार झगड़े हुए। इसलिए अंदेशा है कि उसके जीजा ने बहन की हत्या कर दी। वारदात के बाद से आरोपी जीजा फरार है। बहन ने देवर व जेठ पर भी आरोप लगाया है। डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम ने सैंपल लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्दी मामले की जांच कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.