डूंगरपुर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती की कार पर रविवार देर रात पथराव करने का मामला सामने आया है। कल्पेश एक सामाजिक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। आंबा बस स्टैंड से आगे सुनसान जगह पर उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके गए। शीशा टूटने के बाद कल्पेश कार को दौड़ाकर पंचायत ले गए। पुलिस के साथ लोगों ने आसपास की जगह पर सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन कोई नहीं मिला।
चाडोली के रहने वाले भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती (35) रविवार को सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घांटा का गांव गए थे। रात करीब 9 बजे वह अपनी कार से अकेले घर लौट रहे थे। आंबा बस स्टैंड से आगे निकलते ही सुनसान जगह पर कुछ बदमाशों ने खेतों की ओर से पथराव कर दिया। अचानक हुए तेज पथराव से वह घबरा गए। एक पत्थर साइड के कांच पर लगा तो वहीं एक अन्य पत्थर आगे के कांच पर लगा। कार के कांच बंद होने से कोई चोट नहीं आई। इसके बाद कल्पेश भारती कार को बिना रोके तेज रफ्तार चाडोली पंचायत के खेल मैदान लेकर गए। सरपंच रमेश भगोरा को कॉल कर सूचना दी। सरपंच गांव के लोगों के साथ पहुंचे। सूचना पर धंबोला सीआई भैयालाल आंजना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से आंबा बस स्टैंड के आसपास सुनसान खेतों में पथराव करने वाले बदमाशों की तलाश की, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
फोटो- गुणवंत कलाल, सीमलवाड़ा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.