बांसवाड़ा में बुधवार सुबह तीन दिन से लापता 10वीं की छात्रा का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। घर से करीब 1KM दूर स्थित कुएं में शव को गांव के ही एक युवक ने देखा। शव की शिनाख्त नलवई निवासी छोटी सरवा सीनियर स्कूल की बालिका के तौर पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से शव निकलवाया। बेटी का शव देखकर पीड़ित परिवार आपे से बाहर हो गया। शव खाट पर लेकर कथित नाबालिग प्रेमी के घर छोटी सरवा जाने लगे। इस बीच पाटन थानाधिकारी हरिशंकर कटारा, सरपंच विजय, कांग्रेस नेता लक्ष्मण दामा सहित अन्य लोगों ने आगे जाकर परिवार के लोगों को रोका। इस पर नाराज परिवार मौके पर ही शव रखकर प्रदर्शन करने लगा। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने कथित नाबालिग प्रेमी के घर पर पथराव भी किया। नाबालिग का परिवार जान बचाकर भाग गया। पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को भगाया। दोपहर करीब 3 बजे तक मौताणे को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चला। बाद में 4 लाख रुपए में समझौता हुआ।
पीड़ित पिता ने लगाया आरोप
पाटन थाना क्षेत्र के नलवई गांव निवासी मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के साथ पढ़ने वाला छोटी सरवा का लड़का उसे परेशान करता था। उसकी बेटी रविवार से लापता है। सोमवार शाम छात्र उसके घर बेटी के कपड़े लेने आया था। परिवार ने लड़के को पकड़ लिया। परिवार ने उसे गांव के पंचों को सौंप दिया। इसके बाद लड़का अपने घर चला गया। पिता ने आरोप लगाया कि लड़के ने ही उसकी बेटी को मारकर कुएं में फेंका है।
कंटेंट : जगदीश चावडा (मोहकमपुरा)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.