24 दिन में दूसरी बार नाबालिग का किडनैप व रेप:पुलिस के डर से पहले पिता को सौंपी थी बेटी, अब 50 हजार भी ले गए

बांसवाड़ा6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
डेमो पिक। - Dainik Bhaskar
डेमो पिक।

नाबालिग लड़की का बीते 24 दिन में दूसरी बार किडनैप और रेप होने का मामला सामने आया है। पहली बार 16 अक्टूबर को बदमाशों ने वारदात की थी। तब थाने में दर्ज रिपोर्ट के डर से बदमाशों ने चार दिन बाद नाबालिग को उसके पिता को सौंप दिया था। अबकी बार किडनैप 10 दिसम्बर को हुआ है। मुख्य आरोपी सहित 5 बदमाश चार पहिया गाड़ी को दूर खड़ी कर जंगल के रास्ते पीड़िता के घर तक पहुंचे। बदमाशों ने लड़की को उठा ले गए। पिता ने बेटी को बचाने के खूब प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हुआ। आरोप है कि बदमाश बिस्तर में रखे हुए 50 हजार रुपए भी लूट ले गए। मामला अरथूना थाने का है।
जांच अधिकारी ASI छत्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता ने रिपोर्ट दी है। बताया कि मादेलापाड़ा देवला निवासी ललितपाल सोलंकी एवं अन्य चार जनों ने वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश 10 दिसम्बर की रात करीब 11 बजे उसके घर में दाखिल हुए। उन्होंने आते ही बेटी को उठा लिया। इसके बाद बिस्तर पर पड़े हुए 50 हजार रुपए भी लूट लिए। वह लड़की को लेकर जंगल के रास्ते चौपहिया वाहन तक पहुंचे, जहां से वह रवाना हो गए। इस बीच पिता उसकी बेटी को बचाने के लिए संघर्ष करता रहा। पिता का आरोप है कि युवक उसकी बेटी को पत्नी बनाना चाहता है। वह उसे बंधक बनाकर रेप भी कर रहा है।
तीन बेटों के बीच अकेली लड़की
इधर, पीड़ित पिता ने बताया कि उसके तीन लड़के हैं, जबकि बेटी इकलौती है। 12वीं पास करने के बाद इस साल बेटी ने निजी कॉलेज की फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था। वह पढ़ने में होशियार थी। पिता ने बताया कि आरोपी मजदूरी करता है। वह उसकी बेटी को कैसे जानता है। इसके बारे में उसे जानकारी नहीं है। पिता ने बताया कि पिछली बार किडनेप के बाद आरोपी ने लिखित में राजीनामा किया था। इसके बाद दुबारा ऐसी गलती नहीं करने की लिखावट भी की थी।