केन्द्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री एवम् संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राजस्थान प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलेट जिम्मेदार हैं। कांग्रेस में फूट पड़ी हुई है। दो खेमों में बंटी हुई कांग्रेस में एक खेमे का नेतृत्व गहलोत कर रहे हैं तो दूसरे का नेतृत्व पायलेट के हाथ में है। इसके कारण ही अशांति बढ़ रही है। गुजरात के मानगढ़ धाम में शनिवार रात को प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मेघवाल ने यह बात बांसवाड़ा बॉर्डर पर माही नदी के पुल पर कही।
पार्टी कार्यकर्ताओं के स्वागत समारोह के दौरान मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में तुष्टिकरण की नीति के कारण हम लोगों को ये परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। प्रदेश की सरकार तुष्टिकरण को बढ़ावा दे रही है। भारतीय संस्कृति के प्रति कांग्रेस का भाव अलग ढंग का है। करौली में नव वर्ष मनाते समय सुनियाजित ढंग से अवरोध पैदा किया गया। जोधपुर की भी घटनाएं इसी का परिणाम हैं। जब भी कोई सरकार तुष्टिकरण की नीति पर चलती है तो असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद रहते हैं। केंद्र सरकार की ओर से प्रदेशों को समय-समय पर एडवाइजरी जारी होती है। लेकिन, लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन रखने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होती है। मेघवाल ने कहा, करौली के दंगों को देख लो। निर्दोष जेल में बंद हैं और दोषी बाहर घूम रहे हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह राव, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम पालीवाल, हकरू मईड़ा, मनोहर पटेल, तलवाड़ा प्रधान निर्मला, कांतिलाल अहारी, मीडथ्या प्रभारी गौरव राव एवं अन्य मौजूद थे।
कांग्रेस करेगी चिंता, हमारी तो हमेशा की आदत
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें गिरती जा रही हैं। कांग्रेस का वोट प्रतिशत भी कम है। इसलिए वो उदयपुर में चिंतन बैठक कर रहे हैं। भाजपा की ओर से जयपुर में प्रस्तावित बैठक रूटीन का हिस्सा है। भाजपा में ऐसी बैठकें नियमित तौर पर होती हैं। मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री का चेहरा तय करना संसदीय बोर्ड का काम है। लेकिन, भाजपा बिना किसी फूट के अगले चुनाव में जीत सुनिश्चित करेगी।
गुजरात के मानगढ़ धाम में कार्यक्रम
केंद्रीय मंत्री प्रोटोकॉल के तहत शनिवार रात को गुजरात सीमा के मानगढ़ धाम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। ये कार्यक्रम मध्यप्रदेश के जनजाति सुरक्षा मंच की ओर से रखा गया है। रात में कार्यक्रम के बाद मेघवाल का विश्राम बांसवाड़ा के मयूर मिल गेस्ट हाउस में होगा। वहीं सुबह फिर वह कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.