माही नदी के पानी में सिर कटा भ्रूण मिला है। मछलियों के नोंचने के कारण लिंग की पहचान नहीं हो सकी है। करीब 7 महीने पुराने भ्रूण को मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एक नाबालिग लड़के ने सोमवार शाम को पानी में पड़े भ्रूण को स्टेटस बना दिया था। इसके बाद मामला सामने आया था। मंगलवार सुबह होते-होते ये फोटो और वीडियो दूसरे लोगों तक पहुंच गए। तब पुलिस को इसकी जानकारी मिली। मामला बांसवाड़ा के खमेरा थाने के डूंगरगांव के समीप से गुजरती माही नदी का है।
दरअसल, सोमवार शाम एक नाबालिग लड़का नदी के पास से गुजर रहा था। तभी उसे पानी में बच्चे के आकार का शव दिखाई दिया। नजदीक से देखने पर पता चला कि उसकी गर्दन कटी हुई है। वहीं नाभि से आहारनाल भी जुड़ी मिली। इसके बाद उसने मोबाइल से भ्रूण के वीडियो और फोटो लिए। डर के कारण उसने किसी से ये बात नहीं बताई, लेकिन लोगों को संदेश भेजने के लिए स्टेटस डाल दिया। अन्य लोगों से होती हुई सूचना खमेरा थाना पुलिस को मिली। पुलिस ने नदी किनारे पानी में भ्रूण तलाशने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चला। तब पुलिस ने स्टेटस डालने वाले नाबालिग की मदद ली।
समीप के किसी अनजान की करतूत
गर्मी के चलते नदी में पानी कम है। इससे पानी का बहाव भी नहीं है। छिछले पानी में भ्रूण ऊपर तैर रहा है। इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि ये करतूत किसी आसपास के व्यक्ति की है। पुलिस का एक अनुमान यह भी है कि घटना स्थल से पीपलखूंट हाइवे का पुल भी पास है। संभव है कि किसी ने पुल से आकर ये करतूत की हो।
कंटेंट : नारायण कलाल (नवागांव)/ किशोर बुनकर (घाटोल)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.