प्याज व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाने वाला गिरोह के एक और आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। इसे प्रोडक्शन वारंट पर उदयपुर सैंट्रल जेल से गिरफ्तार किया गया है। करीब डेढ़ महीने से पुलिस को इसकी तलाश थी। मामले में लिप्त रहे आठ आरोपियों में से पुलिस अब तक चार को अरेस्ट कर चुकी है। अब महिला सहित चार आरोपियों की तलाश है। मुख्य आरोपी मीनल दुबे की तलाश में पुलिस रतलाम से भी खाली हाथ लौटी थी।
शहर कोतवाल रतनसिंह चौहान ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले प्याज व्यापारी के साथ हनीट्रैप का मामला हुआ था। इसमें आरोपियों ने ब्लैकमेल कर व्यापारी से करीब 7 लाख रुपए भी वसूले थे। मामले में कैलाश कॉलोनी, माछला मगरा (उदयपुर) निवासी शफीक पुत्र रफीक खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसे सवीना थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया था। प्रोडक्शन वारंट के जरिए बदमाश को उदयपुर सैट्रल जेल से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के साथ अवैध वसूली की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उसकी मेडिकल जांच कराई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.