10वीं कक्षा की छात्रा की मौत के बाद उसके कथित नाबालिग प्रेमी की भी मौत हो गई। महात्मा गांधी जिला अस्पताल में छोटी सरवा स्कूल के 10वीं कक्षा के स्टूडेंट उदय सिंह (17) पुत्र मंगला ने गुरुवार रात को अंतिम सांस ली। जहर पीने से अस्वस्थ उदय सिंह को उसके परिवार ने शाम के समय यहां भर्ती कराया था। इससे पहले परिवार उसे छोटी सरवा से बाजना (MP) अस्पताल लेकर गया था। इधर, शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पाटन थाना पुलिस ने लड़के का शव उसके पिता को सौंपा।
दरअसल पूरे मामले की शुरुआत बुधवार सुबह पाटन थाना क्षेत्र के नलवई गांव में कुएं में मिले लड़की के शव के साथ शुरू हुई थी। छोटी सरवा स्कूल की कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा आरती का शव निकालने के बाद नलवई निवासी उसका परिवार भड़क गया। आक्रोशित परिवार लड़की शव लेकर उसके प्रेमी के घर छोटी सरवा की ओर जाने लगा। तभी पाटन थानाधिकारी हरिशंकर कटारा एवं गांव के सरपंच ने परिवार को बीच में रोक लिया। इसके बाद लड़की के पीड़ित परिवार ने शव को सड़क पर रख प्रदर्शन किया। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने कथित प्रेमी उदयसिंह के घर पर चढ़ाई की और पथराव किया। तब लड़के का परिवार मौके से जान बचाकर भागा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचों की उपस्थिति में चार लाख का मौताणा तय हुआ। बताया जा रहा है कि लड़के वालों की ओर से मौके पर पीड़ित लड़की वालों को कुछ नगदी देकर बाकी का भुगतान बाद में चुकाने की लिखा-पढ़ी भी हुई।
बर्दाश्त नहीं कर सका सदमा
इधर, प्रेमिका की मौत के बाद परिवार पर आए आर्थिक संकट को लड़का बर्दाश्त नहीं कर पाया। लड़के के पिता मंगला ने बताया कि लड़की वालों ने उसके बेटे को बंधक बनाया। वहीं उससे लड़की की जानकारी पूछ रहे थे। इससे वह डरा हुआ था। इस डर के चलते उसने जहर पी लिया था। अब पिता की रिपोर्ट पर पाटन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के सामने लड़की की मौत के कारणों का पता लगाना भी चुनौती भरा है। फिलहाल थाने के हेड कांस्टेबल युवराजसिंह ने पोस्टमार्टम कराया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.