प्रेम प्रसंग में एक युवती ने सुसाइड कर लिया। उसने प्रेमी के घर में जहर पी लिया। इससे उसकी मौत हो गई। युवती को उसके प्रेमी के किसी दूसरी लड़की से अवैध रिश्तों की जानकारी मिली थी। विवाद बढ़ा तो युवक ने युवती के साथ शादी करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं युवती को उसके पिता के घर लौटने को भी कहा। परिवार के फैसले के विरोध में जाकर युवक के साथ रह रही युवती ये बर्दाश्त नहीं कर पाई। मजबूर होकर उसने सुसाइड का कदम उठाया। इधर, युवती के भाई का आरोप है कि आरोपी युवक उसकी बहन को भगाकर लाया था। वह दो महीने से उसे साथ भी रख रहा था। मरने से पहले आरोपी ने युवती को जलाया भी है। पुलिस ने इस मामले को छिपाकर रखा। पोस्टमार्टम कक्ष में शव को देखने के बाद ये जानकारी मिली है। मामला बांसवाड़ा के पाटन थाने का है।
पुलिस ने बताया कि सुंदनीपाड़ा निवासी प्रमीला (21) पुत्री रामा मईड़ा BA फाइनल ईयर की स्टूडेंट थी। कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के महूड़ा गांव में वह बीते एक महीने से प्रेमी प्रेम देवदा पुत्र रमेश देवदा के साथ रह रही थी। प्रेम भी BA फाइनल का स्टूडेंट था। दोनों परिवारों के बीच दोनों के रिश्तों को लेकर भी बातचीत चली थी, लेकिन रिश्ता तय नहीं हुआ था। इस बीच प्रमीला प्रेम के साथ उसके घर पर रहने आ गई। साथ रहने के दौरान प्रमीला को प्रेम के दूसरे अवैध रिश्ते की जानकारी मिली। प्रेम ने प्रमीला को साथ रखने से मना कर दिया और उस पर पिता के घर जाने का दबाव बनाया। इसके बाद उसने सुसाइड कर लिया।
भाई ने लगाया ऐसा आरोप
प्रमीला के भाई सुनील मईड़ा का आरोप है कि आरोपी प्रेम एक महीने पहले उसकी बहन को भगाकर ले गया था। सुसाइड से पहले आरोपी ने उसकी बहन के साथ मारपीट की और उसका चेहरा भी जला दिया था। पुलिस ने सुसाइड की जानकारी देकर शव को मोर्चरी में शिफ्ट करा दिया था। लेकिन, बहन को जलाने की बात पुलिस ने नहीं बताई। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम करा रही है।
दोनों पक्षों के बीच भांजगड़ा
इधर, मौत की जानकारी के बाद लड़की पक्ष की ओर से लड़के वालों पर दबाव बनाया गया। दोनों पक्षों के बीच मौताणे को लेकर भांजगड़ा भी चला। इस बीच मामला बिगड़ता गया। जानकारी के बाद खुद DSP को पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी तक पहुंचना पड़ा। फिलहाल दोनों पक्षों में विवाद को लेकर निष्कर्ष नहीं निकला है। इसलिए अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है। मौके पर खराब माहौल को देखते हुए पुलिस के जिम्मेदारों ने कैमरे के सामने आने से भी इनकार कर दिया।
पोस्टमार्टम करवा कर शव रवाना कराया
मामले में कुशलगढ़ DSP बलवीर मीणा ने कहा कि मामला प्रेमप्रसंग का है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया है। बाकी की जानकारी वह शाम तक दे पांएगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.