नाराज पत्नी को मनाने ससुराल गए पति को सालों ने पीट दिया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। घटना के समय पत्नी और ससुर भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने ही उसे बचाने की कोशिश नहीं की। मारपीट के बाद भी पति ने पत्नी से उसके साथ चलने को कहा, लेकिन पत्नी नहीं मानी। इस संबंध में युवक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
मामला कुंडल घाटीपाड़ा गांव का है। चार दिन पहले अजंदा थाना सालमगढ़ (प्रतापगढ़) का सोहन निनामा अपने ससुराल आया था। थानाधिकारी SI रमेशचंद्र ने बताया कि सोहन की पत्नी उससे नाराज थी और 8 महीने से पीहर में रह रही थी। उसे मनाने के लिए सोहन यहां आया था। सोहन ससुर छगन मईड़ा से बातचीत कर रहा था। तभी उसके साले मशु, जगदीश, दिलीप, रिश्तेदार नारायण, उत्तम, मुकेश ने उस पर हमला कर दिया। उसके सिर, आंख, कान व शरीर पर गंभीर चोटें आई। वहीं उसके साथ आए ताराचंद्र का ससुराल वालों ने हाथ तोड़ दिया। पत्नी और ससुर के सामने पूरी घटना हुई लेकिन उन्होंने सोहन को बचाने की कोशिश नहीं की। इसके बाद सोहन और उसका साथी वहां से जान बचाकर भागे। महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार हुआ।
चार साल पहले नाते आई थी पत्नी
सोहन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि कुंडल निवासी प्रियंका पुत्री छगन मईड़ा के साथ उसका नाता विवाह हुआ था। प्रियंका ने तीन बेटियों को जन्म दिया। इसमें दो बच्चियों की मौत हाे चुकी है। एक बच्ची दो साल की है। करीब 9 महीने पहले वह मजदूरी के लिए जोधपुर गया था। तभी पत्नी प्रियंका अपने पीहर चली गई थी। इसके बाद से वह उसे घर लाने के प्रयास कर रहा था। अभी घर लौटने के बाद वह पत्नी को लेने गया था। यहां प्रियंका ने साथ आने से साफ इनकार कर दिया। मामले की जांच थाने के ASI रणसिंह के जिम्मे की गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.