छबड़ा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-15 में हुए उपचुनाव के तहत रविवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए। जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी रामप्रसाद यादव 153 मतों से विजय हुए। छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिघंवी के क्षेत्र में ही भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। परिणाम घोषित होने पर कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी व मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। एसडीएम मनमोहन शर्मा ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-15 के पार्षद पद के लिए उपचुनाव के तहत मतदान 25 नवंबर को हुआ था। रविवार को सब ट्रेजरी छबड़ा में मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। वार्ड नंबर-15 के उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने रामप्रसाद यादव, भाजपा ने दीपक वर्मा व बसपा ने रवि यादव को प्रत्याशी बनाया था। वार्ड नंबर-15 में उपचुनावों के दौरान कुल 636 मतों में से 513 मत डाले गए थे। जिसमें से कांग्रेस प्रत्याशी रामप्रसाद यादव 300 मत मिले, भाजपा प्रत्याशी दीपक वर्मा को 147 व बसपा के रवि यादव को 62 मत मिले। वहीं 4 मत नोटा मे डाले गए। जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी रामप्रसाद यादव 153 मतों से विजय हुए। मतगणना स्थल पर सुबह से ही गहमा गहमी रही। तीनों ही दलों के नेता व समर्थक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वहीं सुरक्षा व शांति बनाए रखने को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस प्रत्याशी की जीत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओ व समर्थकों में खुशी लहर दौड़ गई।
अंता में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशियां
अंता| नगर पालिका के वार्ड नंबर-3 पार्षद पद के लिए हुए उपचुनावों का परिणाम रविवार को घोषित हो गए। इसमें भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। वार्ड नंबर-3 से भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर नायक ने 169 मतों से जीत हासिल की है। खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया का विधानसभा क्षेत्र होने से यहां मुकाबला रौचक रहा। नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 के पार्षद के लिए हुए उपचुनाव के तहत मतगणना प्रक्रिया रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंता में हुई। मतगणना प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू हुई। यहां कुल 815 वोट डाले गए थे। मतगणना के दौरान भाजपा के नंद किशोर नायक को 491 मत मिले, वहीं कांग्रेस के देवी शंकर मेघवाल को 322 मत मिले। वहीं दो मत नोटा में डाले गए। मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा के नंदकिशोर नायक को 169 मतों से विजयी घोषित किया गया। परिणाम घोषित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा नगर अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल को इस जीत का श्रेय देते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। अंता नगरपालिका में अभी कांग्रेस का बोर्ड है। वार्ड नंबर 3 कांग्रेस का परंपरागत वार्ड माना जाता है। यहां कांग्रेस का ही दबदबा है। दो साल पहले पालिका चुनाव में यहां कांग्रेस प्रत्याशी रामदयाल रैगर विजय हुए थे। उनका निधन होने पर उपचुनाव हुए। जिसमें कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.