जैसलमेर से लगती भारत-पाकिस्तान सीमा पर किशनगढ़ फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को बम के फटने से चरवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को गंभीर अवस्था में रामगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल लाया गया। जवाहिर अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हादसे में घायल कुटल सिंह के एक हाथ का पंजा उड़ गया, साथ ही उसके पैरों और हाथों में गंभीर चोट आई है।
मवेशी चराते वक्त बम लिया हाथ में और हुआ धमाका
घायल कुटल सिंह (32) निवासी सेउवा ने बताया कि मवेशियों को चराते वक्त ये हादसा हुआ। उसने बताया कि उसकी भेड़-बकरियां चरते हुए फील्ड फायरिंग रेंज में घुस गई थीं। किशनगढ़ फील्ड फायरिंग रेंज में बहुत सारी संख्या में बम पड़े थे। उसने एक बम को जैसे ही हाथ में लिया तभी ये हादसा हो गया। उसके साथ वाले चरवाहे उसे लेकर रामगढ़ अस्पताल लाए जहां गंभीर अवस्था में उसे जैसलमेर लाया गया। हादसे में उसके एक हाथ का पंजा उड़ गया है और शरीर के बाकी अंगों में भी गंभीर चोटें आई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.