श्रीगणेश का जन्मोत्सव जिले भर में उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर में मेले सा माहौल दिखाई दिया। सुबह से ही गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं की रेलमपेल शुरू हो गई। शहर से 12 किमी दूर स्थित चूंधी गणेश मंदिर में तो भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं घर घर में भगवान गणेश की पूजा अर्चना हुई। दिनभर शहर में गणेश चतुर्थी की धूम रही। बाजार में भी गणेश चतुर्थी के चलते चहल पहल तेज दिखाई दी। गणेश मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। दोपहर में भव्य आरती हुई। शाम के समय चूंधी गणेश में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस अवसर पर घर घर मिट्टी के गणेश स्थापित किए गए।
शहर से 12 किमी दूर स्थित चंूधी गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर कई पैदल श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुबह 5 बजे से पैदल यात्रियों के जत्थे गांधी चौक स्थित गणेश मंदिर से चूंधी के लिए रवाना हुए। जत्थों में महिलाओं व बच्चों की संख्या सबसे अधिक थी। विजय स्तंभ चौराहा से लेकर चूंधी तक पैदल यात्रियों की कतारें लगी हुई दिखाई दे रही थी। सुबह 6 बजे से ही चूंधी में श्रद्धालुओं की कतारें लग गई। वहीं देर शाम को भी कतार लंबी होती गई।
पोकरण | शहर में शुक्रवार को गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वहीं शहर में मंदिरों में स्थापित गणेश प्रतिमा पर लोगों ने विधि विधान से पूजा अर्चना की। वहीं शुक्रवार को सुबह से लेकर शाम तक गणेश मंदिर में भीड़ देखने को मिली।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.