वांटेड महिला को एसओजी को सुपुर्द किया:रीट 2021 के पेपर लीक प्रकरण में धोरीमन्ना क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार, दो साल से थी फरार

बाड़मेर9 दिन पहले
  • कॉपी लिंक
आरोपी द्रोपदी। - Dainik Bhaskar
आरोपी द्रोपदी।

रीट भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक मामले में एसओजी की ओर से बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र की महिला आरोपी द्रोपदी को गिरफ्तार किया है। 26 सितंबर 2021 को रीट का पेपर आउट हो गया था। जिसके बाद बाड़मेर के भी दर्जनभर नकल माफियाओं की गिरफ्तारी हुई। सवाईमाधोपुर के गंगापुर सिटी थाने में दर्ज मामले में रीट भर्ती परीक्षा के मुख्य आरोपी बत्तीलाल समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ में नकल गिरोह की गैंग में द्रोपदी का नाम भी सामने आया है। दो साल से द्रोपदी गंगापुर सिटी थाने की वांटेड है और एसओजी को तलाश थी।

गिरफ्तारी से बचने के लिए नाम बदल कर दो साल में कई जिलों में छिप कर निवास कर रही थी। अब एसओजी से मिले इनपुट के बाद धोरीमन्ना थाना पुलिस ने द्रोपदी को गिरफ्तार किया है। गंगापुरसिटी थाने के प्रकरण संख्या 402/21 में वांटेड द्रोपदी से पूछताछ होगी। इसके लिए एसओजी की टीम द्रोपदी को पकड़ सवाईमाधोपुर ले गई है। धोरीमन्ना थानाधिकारी सुखराम विश्नोई ने बताया कि संपति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की दस्तयाबी के लिए बाड़मेर एसपी की ओर से सवाईमाधोपुर के गंगापुर सिटी थाने में दर्ज 402/2021 मामले में वांटेड द्रोपदी पर 500 रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था। इस पर मंगलवार को धोरीमन्ना थाना पुलिस ने द्रोपदी पुत्री किशनाराम विश्नोई निवासी कोजा धोरीमन्ना को दस्तयाब किया। इसके बाद अग्रिम अन्वेषण के लिए एसओजी को सुपुर्द किया गया। द्रोपदी से रीट भर्ती परीक्षा 2021 में पेपर लीक मामले में पूछताछ की जाएगी। गंगापुरी सिटी थाने में वांटेड है और दो साल से पुलिस को आरोपी द्रोपदी की तलाश थी।

दो साल तक जयपुर-जोधपुर में नाम बदल कर छिपती रही
धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के कोजा गांव की द्रोपदी रीट पेपर लीक में एजेंट रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए पेपर में गंगापुर सिटी थाने में रीट पेपर लीक मामले में गैंग सक्रिय रही थी और पेपर लीक हुआ था। इसके बाद नामजद मुकदमा गंगापुर सिटी थाने में दर्ज हुआ। पुलिस को देवेंद्रसिंह पुत्र गिरधरसिंह गुर्जर के मोबाइल से 33 फोटोग्राफ में रीट परीक्षा का हल किया हुआ पेपर मिला था।
इसके अलावा हेड कांस्टेबल यदुवीर की पत्नी सीमा के मोबाइल में भी पेपर मिला। पेपर बुकलेट नं. 4305881 सीरीज कोड जे पेपर कोड एटीएल-2-2021 एवं बुकलेट नं. 4306116 सीरीज कोड एम का मिलान किया। इस पर देवेंद्रसिंह के मोबाइल से बरामद पेपर हूबहू होना पाया गया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में द्रोपदी विश्नोई भी एजेंट की भूमिका में रही है। इसके बाद एसओजी ने इसे आरोपी बनाया और दो साल से तलाश की जा रही थी।

द्रोपदी पर 500 रुपए का ईनाम भी घोषित था। पिछले दो साल में द्रोपदी जयपुर में रही। इसके बाद जोधपुर के भगत की कोठी में भी नाम बदल कर रह रही थी। अब होली के बाद दो दिन पहले ही द्रोपदी उसके गांव कोजा आई थी। मंगलवार को मुखबीर से सूचना मिलने पर थानेदार सुखराम विश्नोई व एएसआई लाखाराम मायला पुलिस टीम के साथ कोजा गांव पहुंचे। जहां दबिश देकर पेपर लीक की आरोपी द्रोपदी को दस्तयाब किया है। मंगलवार को धोरीमन्ना थाना पुलिस ने आरोपी महिला द्रोपदी को लेकर गंगापुरसिटी के लिए रवाना हुई। जहां एसओजी को सुपुर्द किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...