मई माह में हर तीन-चार दिन से मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। मंगलवार को लू का असर कम रहा। लेकिन उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। मंगलवार को दिन के तापमान में 1 डिग्री उछाल दर्ज किया गया है। दिन का तापमान में 41.9 डिग्री व बीती रात का तापमान 27.6 रहा है। मौसम विभाग आगामी कुछ दिन तक तेज हवा चलने की संभावना जता रहा है। हवा के साथ गांवो में धूल भी आंधी चल रही है।
दरअसल, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बाद बीते तीन दिनों से धूलभरी आंधी का दौर चल रहा है। तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी भीषण गर्मी व लू चल रही है तो कभी आंधी और बादल छाए रहने से पारे में गिरावट हो रही है। मंगलवार को सुबह के समय आसमान में बादल छाए नजर आए। सूरज की किरण निकलने के साथ बादल भी छटने लग गए। तेज हवा के चलने से हर तरफ धूल के गुब्बारे उड़ रहे है। घरों में भी धूल की परते बिछ गई है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में कई सड़कें जाम हो गई है।
बाड़मेर में मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा है। हवा चलने से गर्मी से कुछ राहत मिली है लेकिन उमस ने लोगों को पसीने तरबतर कर दिया। बीते दो दिन से पारा 40-42 डिग्री के बीच में रह रहा है। कुछ दिन पहले पारा एक बार 48 डिग्री से पार चला गया था। इसके बाद पारे में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। आज अधिकतम तापमान 41.9 व न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
बदलता मौसम बना परेशानी की वजह
बदलते मौसम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कभी तेज गर्मी तो कभी तेज आंधी से लोगों के लिए मौसम परेशानी का सबब तो बना ही है वहीं महिलाओं के लिए घर की सफाई करना मुश्किल भरा काम हो जाता है। मंगलवार को मौसम साफ रहा लेकिन उमस बनी रही। मौसम विभाग एक-दो दिन बाद मौसम में बदलाव की उम्मीद जता रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.